Politics

यूपी भाजपा को जनवरी में मिलेगा नया अध्यक्ष, सभी जिलों के जिलाध्यक्ष  भी बदलेंगे

यूपी भाजपा को जनवरी के तीसरे सप्ताह तक नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। साथ ही पार्टी 98 संगठनात्मक जिलों में जिलाध्यक्ष की नियुक्ति भी 15 जनवरी तक कर देगी। लगातार दो बार जिलाध्यक्ष रहे को तीसरी बार जिलाध्यक्ष नहीं बनाया जाएगा।

यह फैसला भाजपा संगठन की रविवार को हुई बड़ी बैठक में लिया गया। बैठक में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के साथ ही सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। यूपी भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और महामंत्री धर्मपाल सिंह बैठक में पहुंचे। उनके अलावा संगठन महासचिव बीएल संतोष, राष्ट्रीय महासचिव, सभी प्रदेश अध्यक्ष, राज्य संगठन महासचिव और संगठन चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित किया।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, 20 दिसंबर तक मंडल अध्यक्ष चुनाव पूरा होना था। लेकिन, एक-एक मंडल पर मंथन में ज्यादा समय लगने से अभी तक सभी 1819 मंडलों में निर्णय नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को 2 दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली गए थे। शनिवार शाम को उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मुलाकात की थी। योगी ने सभी को 13 जनवरी से शुरू हो रहे महाकुंभ में आने का न्योता दिया था। योगी ने निमंत्रण पत्र के साथ महाकुंभ- 2025 के लोगो वाला प्रतीक चिह्न, कलश, महाकुंभ से जुड़ा साहित्य, नए साल का टेबल कैलंडर और डायरी भी भेंट की थी।

शनिवार को योगी ने सबसे पहले मिजोरम के राज्यपाल जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह से यूपी सदन में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें आमंत्रित किया। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी उनके सरकारी आवास पर भेंट की। इसके बाद योगी गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और फिर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने उनके सरकारी आवास पर पहुंचे थे।

रामनाथ कोविंद ने योगी से मुलाकात की तस्वीर को शेयर करते हुए X पर लिखा था- आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरे आवास पर मुझसे मिलने आए। उन्होंने मुझे आगामी महाकुंभ, एक भव्य आध्यात्मिक उत्सव में आमंत्रित किया। इसके सफल आयोजन के लिए मेरी शुभकामनाएं।

वहीं जनरल वीके सिंह ने X पर लिखा था- आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात हुई। उन्होंने महाकुंभ का निमंत्रण दिया।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *