किसानों का 170 करोड़ बकाया लेकर बैठा था चीनी मिल, DM ने प्रॉपर्टी कुर्क कर 410000000 में नीलाम कर दिया
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में गन्ना किसानों के करोड़ों रुपये के बकाए को लेकर जिला प्रशासन ने केसर चीनी मिल के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. बहेड़ी की निजी केसर चीनी मिल पर किसानों का करीब 170 करोड़ रुपये बकाया है. लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे किसानों की परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी ने मिल की संपत्ति कुर्क कर उसकी 41 करोड़ रुपये में नीलामी करा दी है. इतना ही नहीं, अब चीनी मिल प्रबंधन को मिल में ताले लगाने का नोटिस भी भेज दिया गया है.
डीएम ने साफ कर दिया है कि किसानों की मेहनत की कमाई का भुगतान हर हाल में कराया जाएगा. उनका कहना है कि जब तक वह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, किसानों को उनके बकाए के लिए भटकने नहीं दिया जाएगा. दरअसल बहेड़ी तहसील क्षेत्र में स्थित निजी प्रबंधन की केसर चीनी मिल पर गन्ना किसानों का पिछले कई वर्षों से करीब 170 करोड़ रुपये बकाया है.
किसान लंबे समय से अपने भुगतान की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन मिल प्रबंधन की मनमानी की वजह से उन्हें उनका हक नहीं मिल पा रहा है. हालात ये हैं कि शादी-ब्याह के इस सीजन में भी किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं. जिन किसानों ने अपनी मेहनत से गन्ना उगाकर चीनी मिल को दिया, आज वही किसान अपने ही पैसे के लिए परेशान हैं. किसानों के सामने घर-परिवार की जिम्मेदारियां हैं, बच्चों की पढ़ाई है और बेटियों की शादी जैसे बड़े खर्च हैं लेकिन भुगतान ना मिलने से उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. किसानों की इसी परेशानी को देखते हुए बरेली जिला प्रशासन ने अब चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है. जिलाधिकारी ने मिल की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की और कुर्क की गई संपत्ति को 41 करोड़ रुपये में नीलाम करा दिया. इसके साथ ही मिल प्रबंधन को मिल में ताले लगाने का नोटिस भी भेजा गया है. खास बात यह है कि इस पेराई सत्र में केसर चीनी मिल बंद है. इसके बावजूद किसानों का पुराना भुगतान नहीं किया गया.
प्रशासन की इस कार्रवाई से चीनी मिल प्रबंधन से लेकर मालिकों तक में हड़कंप मचा हुआ है. जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया है कि गन्ना किसानों का भुगतान कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता और जिम्मेदारी है. फिलहाल केसर चीनी मिल पर प्रशासन का शिकंजा कस चुका है. 170 करोड़ रुपये के बकाए के बीच 41 करोड़ की संपत्ति की नीलामी किसानों के भुगतान की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.
हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि किसानों को उनका पूरा बकाया आखिर कब मिलेगा. जिलाधिकारी ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि उनके रहते किसी किसान को अपनी मेहनत की कमाई के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. अब देखना होगा कि प्रशासन की इस सख्ती के बाद चीनी मिल प्रबंधन कब तक किसानों का पूरा भुगतान करता है.

