बुखार, शुगर, बीपी, एसिडिटी समेत 91 दवाओं के सैंपल फेल
सोलन. हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं. प्रदेश के अलग अलग इलाकों में निर्मित 91 दवाओं की गुणवत्ता जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरी हैं. हालांकि, देशभर में कुल 324 दवाओं के सैंपल फेल पाए गए हैं.
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक सैंपल सोलन जिले की दवा कंपनियों के फेल हुए हैं. सोलन जिले की 65 दवाएं, सिरमौर की 19, ऊना की पांच और कांगड़ा की दो दवाएं गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरीं. जांच में फेल हुई दवाओं में संक्रमण, एनीमिया, खुजली, बुखार, खांसी-जुकाम, दर्द, एसिडिटी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, अस्थमा और कोलेस्ट्रॉल समेत विभिन्न बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं.
हिमाचल प्रदेश के ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि संबंधित दवा कंपनियों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी. कंपनियों को नोटिस जारी कर संबंधित दवाओं के बैच बाजार से वापस मंगवाने के निर्देश दिए जाएंगे. राज्य प्रयोगशाला की जांच में नालागढ़ के मानपुरा की अल्ट्रा ड्रग, काठा की बंगाल केमिकल एंड फार्मास्युटिकल, बद्दी की एलविटा फार्मा, गुल्लरवाला की एफी फार्मा, बद्दी की क्योर टेक स्किन, कालाअंब की स्टार फिल्ट्रेशन और वारव बायोजेनेटिक समेत कई कंपनियों के दवा सैंपल फेल पाए गए हैं. इसके अलावा झाड़माजरी की वीएबीपीएस, परवाणू की मेक बायोटेक, कालाअंब की अलडे मेडिइफेक्स, ऊना की वेलग्रेड फार्मा, सोलन के देवठी की क्योर हेल्थ और झाड़माजरी की डेक्सिन फार्मा के सैंपल भी गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे. डेक्सिन फार्मा की एसिडिटी के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवा के दो सैंपल एक साथ फेल पाए गए. कालाअंब की आसिन फार्मा, बद्दी की आयोरिटयल इंडिया, विग्स बायोटेक, सरेट मेडिकेयर और हिमसागर लैबोरेट्री के सैंपल भी जांच में फेल हुए हैं. सोलन की इंडिया हेल्थकेयर, कसौली की एमरोज फार्मा, दवनी की श्याम हेल्थकेयर, मोगीनंद की आकोरा केयर, बद्दी की कोलेश फार्मा और थाना स्थित एक कंपनी की सीने में जलन की दवा के सैंपल भी गुणवत्ता मानकों पर सही नहीं पाए गए.
परवाणू की मोरपिन, बद्दी की कोटास्टा फार्मास्युटिकल, सोर वैक्स, मार्टिन एंड ब्राउन, कालाअंब की प्रोटेक्ट बीसीएल फार्मा और एलेक्सा फार्मा समेत कई अन्य कंपनियों की दवाओं के सैंपल भी फेल हुए हैं. इनमें हार्ट अटैक, फंगल संक्रमण और बुखार के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं. बद्दी के अटोप हेल्थकेयर, मानपुरा की शिवा बायोटेक, नालागढ़ की तनिष्का फार्मास्युटिकल, झाड़माजरी की इनावा केपटेप और सोलन की गोवा एंटीबायोटिक कंपनी के आयरन एवं फोलिक एसिड के तीन सैंपल भी गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे.
इसके अलावा भटोली कलां की मेडवेल बायोटेक, पांवटा की सी फार्मास्युटिकल, मार्टिन एंड ब्राउन, एसटेम हेल्थकेयर, पीत रेमडीज, एनरोज फार्मा, प्रोटेक्ट टेली क्लीनिक, गोलेश रेमडीज, एबसोल्यूट रेमडीज, नेपच्यून, पार्क फार्मा, डेक्सीन, स्विश गार्नियर, शिव इंडस्ट्री, थ्योन फार्मा, एमके हेल्थकेयर, पवित्र फार्मा, आरएच लैबोरेट्री, जैक्सन लैबोरेट्री, अल्ट्रा ड्रग, एस्टरिस्क हेल्थकेयर, एडमड फार्मा, शेर वोटिक फार्मा, जेडआरएस, एसेस लाइफ साइंस, पोलेस्टर, कोलेश फार्मा, ग्लाइड केमिकल, एथेस लाइफ साइंस, कृशा हेल्थकेयर, कोसेकेफ इंडिया, बायोजेनेटिक ड्रग, स्पेन फार्मा, पार्क फार्मा स्टार, बायोजेनेटिक रेमेडीज, सिंबोसिस फार्मा और अनीस्पीड फार्मा के सैंपल भी फेल पाए गए हैं. केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएसओ) की जांच में भी हिमाचल की कई दवा कंपनियों के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे. थाना स्थित आदिल बायोटेक, मार्टिन एंड ब्राउन, गुलफिक बायोटेक और इंटेग्रेटेड लैबोरेट्री के आई ड्रॉप के सैंपल फेल हुए हैं. इनमें आई ड्रॉप के दो सैंपल एक साथ फेल पाए गए. इसके अलावा बद्दी के भुड स्थित मून मार्क, जेपी इंडस्ट्रीज, अलमड पार्क और कालाअंब की इवेंट कॉरपोरेट कंपनी के दवा सैंपल भी गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए हैं.
तीन साल में कितनी दवाओं के सैंपल फेल
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा में दवाओं के सैंपल को लेकर अहम जानकारी सामने आई है. हाल ही में शीत सत्र में सरकार ने बताया था कि बीते 3 साल में हिमाचल में बनीं 2216 दवाओं के सैंपल फेल पाए गए, जिनमें कि दो जीवनरक्षक दवाएं भी शामिल हैं. सरकार ने बताया था कि 47 कंपनियां ऐसी हैं जिनके सैंपल 10 से ज्यादा बार तय मानकों के मुताबिक नहीं पाए गए हैं. इस दौरान तीन कंपनियों के लाइसेंस पूरी तरह रद्द किए गए हैं और विभिन्न कंपनियों के 1608 उत्पाद लाइसेंस निलंबित और 59 उत्पाद लाइसेंस निरस्त किए गए, जबकि चार मामलों में चेतावनी जारी की गई. इस तरह कुल 1667 उत्पादों के निर्माण पर रोक लगाई गई या उनके लाइसेंस निरस्त किए गए हैं.

