News

अलीगढ़ : दहेज के लिए महिला को पेड़ में बांधकर पीटा

Share News
12 / 100

अलीगढ़, दहेज के लिए एक महिला को पेड़ से बांधकर पीटने का वीडियो सामने आया है। मामला अतरौली के सूरतगढ़ गांव का है, जिसमें महिला को रस्सी के सहारे पेड़ से बांधा है। गांव की महिलाएं उसके आसपास बैठकर तमाशा देख रही हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे अपने साथ ले आए। मायके पक्ष ने क्वार्सी थाने में ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मारपीट और दहेज एक्ट के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अतरौली में हुई है महिला की शादी
क्वार्सी थाना के बरेठी निवासी प्रीति की शादी एक साल पहले अतरौली के सूरतगढ़ निवासी महेश के साथ हुई थी। महेश गांव में ही मेहनत मजदूरी करता है। आरोप है कि महेश और उसके परिवार के लोग आए दिन प्रीति से दहेज की मांग करते हैं और मारपीट करते हैं। गुरुवार को भी दोनों पति-पत्नी के बीच में विवाद हुआ, जिसके बाद महिला को पेड़ से बांध दिया। उसे पीटा गया। इस दौरान लोगों ने यह वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

गांव वालों ने बताया कि पीड़िता प्रीति और उसके पति के बीच आए दिन विवाद होता रहता है। प्रीति कई बार सुसाइड की कोशिश भी कर चुकी है। कुछ दिनों पहले उसने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। गुरुवार को जब प्रीति और उसके पति का विवाद हुआ तो वह घर से निकलकर कहीं जा रही थी। इसके बाद लोगों ने उसे पेड़ से बांध दिया।

इंस्पेक्टर क्वार्सी विजयकांत ने बताया कि पीड़ित क्वार्सी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी शादी अतरौली क्षेत्र में हुई है। ससुराल में उसका विवाद चल रहा, जिसके बाद उसे पेड़ से बांधने की बात सामने आ रही है। विवाहिता के साथ मारपीट होने के बाद उसके पिता और मायके के लोग उसे अलीगढ़ ले आए। इसके बाद मायके पक्ष ने क्वार्सी थाने में तहरीर देकर आरोपी पति महेश, ससुर राजकुमार, सास, देवर और नंद के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सीओ थर्ड एएसपी अमृत जैन ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *