अंबाला : 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा मासूम निर्भय, सेना ने संभाला मोर्चा
अंबाला. हरियाणा के अंबाला जिले में गांव धन्यौड़ा से मंगलवार सुबह 4 वर्षीय मासूम बच्चा 220 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया. हादसे के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. फिलहाल, सेना को राहत और बचाव के काम में बुलाया गया है और बच्चे को बचाने के लिए कोशिशें जारी हैं.
जानकारी के अनुसार, 4 वर्षीय मासूम निर्भय सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेत गया था. इस दौरान सभी काम में लगे थे और बच्चा खेल रहा था कि अचानक निर्भय ट्यूबवेल के गहरे बोरवेल में जा गिरा. बोरवेल खुला हुआ था. हादसे का पता चलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और जिला प्रशासन को सूचना दी गई.
मामले की गंभीरता और बोरवेल की भारी गहराई को देखते हुए डीसी मौके पर पहुंचे हैं और सेना की टीम भी मौके पर पहुंची है. बोरवेल के अंदर बच्चे के लिए ऑक्सीजन की सप्लाई भेजी गई है. बोरवेल के अंदर कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति और उसकी हरकतों पर लगातार नजर रखी जा रही है. गौर रहे कि आज से 20 साल पहले कुरुक्षेत्र में भी प्रिंस नाम का बच्चा बोरवेल में गिर गया था, जिसे भी सेना की मदद से जिंदा निकाला गया था. उधर, बच्चे के गिरने की सूचना के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे हैं. पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं.
डीसी अजय तोमर ने कहा कि पिता के लिए बच्चा खाना लाया था और खेलते खेलते बोरवेल में गिर गया है. डीसी ने बताया कि आर्मी और एनडीआरएफ की टीमें आई गई हैं और सारे सतंत्र मंगवाए गए हैं. पड़ोसी ने बोरवेल खुला छोड़ा था और एसएचओ को इस बारे में कार्रवाई के लिए कहा गया है. डॉक्टरों की टीम भी मौके पर तैनात की गई है और परिवार का भी चेकअप किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जांच में बोलवेल की गहराई करीब 220 फीट मिली है. बच्चे को बचाने के लिए सारी कोशिशें की जा रही हैं और अगर जरूरत पड़ी तो इसके साथ ही अलग से खुदाई भी की जाएगी.

