अयोध्या : पत्रकार समेत 11 पर केस दर्ज
अयोध्या के आदर्श नगर पंचायत मां कामाख्या धाम में अधिशासी अधिकारी और कर्मचारियों के बीच चल रहा विवाद अब कानूनी पचड़े में उलझ गया है। कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन और आरोप-प्रत्यारोप के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अधिशासी अधिकारी निखिलेश मिश्रा की तहरीर पर बाबा बाजार थाना पुलिस ने एक पत्रकार समेत 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी की कार्यशैली और व्यवहार को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में नारेबाजी करते हुए गंभीर आरोप लगाए और कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद अधिशासी अधिकारी ने इसे सरकारी कार्य में बाधा बताते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी।
थाना बाबा बाजार पुलिस ने तहरीर के आधार पर पत्रकार समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नामजद किए गए पत्रकार ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि 15 मई को जब सफाई कर्मियों का धरना चल रहा था, तब वह खबर संकलन के लिए मौके पर पहुंचे थे। पत्रकार ने आरोप लगाया कि पूर्व में प्रकाशित खबरों से नाराज होकर उन्हें इस मामले में फंसाया गया है।
पत्रकार ने कहा कि पत्रकारिता के तहत वह घटनाओं की कवरेज करने गए थे, लेकिन इसे अपराध की तरह दर्शाया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रशासनिक दबाव में पत्रकारों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
उधर अधिशासी अधिकारी निखिलेश मिश्रा का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान नगर पंचायत का कार्य प्रभावित हुआ और सरकारी काम में बाधा उत्पन्न हुई, इसलिए विधिक कार्रवाई आवश्यक थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

