महोबा : नशीला इंजेक्शन लगाकर रेप किया
महोबा, मुझे हर दो घंटे बाद नशीला इंजेक्शन लगाकर मेरा रेप किया जाता था। मेरे पूरे शरीर को सिगरेट से दाग दिया। मेरे भाई की फोटो दिखाकर कहते थे कि अगर बात नहीं मानी तो तुम्हारे भाई को जान से मार देंगे।
यह दर्द महोबा में उस छात्रा का है, जो 16 दिन पहले लापता हो गई थी। वह नीट (NEET) की तैयार कर रही है। छात्रा ने बताया कि वह 30 अप्रैल को कोचिंग से घर लौट रही थी। तभी कार सवार लोगों ने किडनैप कर लिया। 15 दिनों तक बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने पीड़िता का कोर्ट में बयान दर्ज कराया। इसके बाद इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मैंने फार्मेसी पूरी कर ली है। इसके बाद मैं NEET की तैयारी कर रही हूं। 3 मई को मेरा एग्जाम था। 30 अप्रैल को मैं लाइब्रेरी से अपने कमरे पर जा रही थी। रास्ते में एक बड़ी-सी कार आकर मेरे पास रुकी। उसमें से दो-तीन लोग नीचे उतरे, जबकि बाकी लोग गाड़ी के अंदर ही बैठे थे।
उन लोगों ने मुझे गाड़ी में खींचकर बैठा लिया। रास्ते में मुझे नशीला इंजेक्शन लगाया। इसमें मेरे गांव के ही मोहित श्रीवास, अंकित श्रीवास, दाढ़ी वाला हल्लू श्रीवास, हल्लू राजपूत और दो-तीन और लोग शामिल थे। एक आदमी गाड़ी चला रहा था, जिसकी उम्र करीब 40 साल रही होगी।
13 तारीख को वो लोग मुझे प्रयागराज ले गए। एक भरत राजपूत नाम का लड़का था, जो प्रयागराज आया था। मोहित के चाचा, पिता और धर्मेंद्र राज श्रीवास समेत कई लोग वहां पहुंचे थे।
भरत राजपूत ने फोन में भाई की फोटो दिखाकर कहा कि वह उन पर निगरानी रखे हुए है। अगर मोहित से शादी कर लो, तो भाई को छोड़ देंगे। तुम्हारे फोटो-वीडियो भी डिलीट कर देंगे।
इन लोगों ने जबरदस्ती मेरी शादी कराने की कोशिश की। मोहित के चाचा और पिता समेत अन्य लोगों ने मेरा फर्जी आधार कार्ड भी बनवाया। उनका कहना था कि अगर फोटो-वीडियो वायरल कर दिया तो लोग यही समझेंगे कि मैं अपनी मर्जी से गई थी।
कहां रखा था, ये मुझे ठीक से याद नहीं है। लेकिन, लगातार मुझे टॉर्चर करते रहे। मुझे रोज नशे के इंजेक्शन लगाते। चाकू से मेरा हाथ काट दिया। मेरे साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और मारपीट की। सात दिन तक मेरा पेट बांधकर रखा। जब मैं चिल्लाती थी, तो सिगरेट से हाथ जला देते थे। वो लोग मुझे 15 मई की रात 11 बजे झिलवारा गांव ले गए। वहां उस लड़के का पूरा परिवार मौजूद था। उसकी मां, चाची, बहनें और बाकी लोग। उन्होंने मुझे इमोशनली ब्लैकमेल किया। मुझसे कहा कि उनके पक्ष में बयान दे दूं तो भाई से कुछ नहीं कहेंगे।
इसके बाद उनका वकील मुझे यहां लेकर आया ताकि मैं उनके पक्ष में बयान दे दूं। लेकिन, यहां आकर मुझे पता चला कि मेरा भाई अकेला नहीं, पूरा गांव उसके साथ खड़ा है। यहां आकर पुलिस और बाकी लोगों ने मेरा हौसला बढ़ाया। जिन लोगों ने मेरे साथ गलत किया, उन्हें फांसी की सजा मिलनी चाहिए।
छात्रा के भाई ने कहा- मैं मुख्यमंत्री जी से मांग करता हूं कि ऐसे पापियों को सरेआम फांसी की सजा दी जाए। जैसे लोग कहते हैं ‘राम नाम सत्य है’, वैसे ही मैं इनके लिए भी यही सुनना चाहता हूं। इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मेरी बहन की हालत बहुत नाजुक है। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब तक आरोपियों को सजा नहीं मिलेगी, तब तक हमें शांति नहीं मिलेगी। मोहित श्रीवास, अंकित श्रीवास, संत राम श्रीवास, तेज राम श्रीवास, अजय, हल्लू राजपूत, भर्रा राजपूत समेत कुल 15-20 लोग इस पूरे षड्यंत्र में शामिल हैं।
सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि लड़की खुद कोतवाली पहुंची थी। उसने आरोपी मोहित से शादी कर ली है। इसका वीडियो-ऑडियो भी सामने आया है। लड़की को कोर्ट में पेश कर उसका 161 का बयान दर्ज कराया गया है। लड़की को उसके भाई को सौंप दिया गया है। कोर्ट में दिए बयान के आधार पर मामले में जांच चल रही है।

