अयोध्या में भू-माफिया का बड़ा खेल, 10-10 लाख में बेची 35 गरीबों को जमीन
अयोध्या: यूपी के अयोध्या में भू-माफिया ताज मोहम्मद द्वारा सरकारी (नजूल) जमीन को अवैध तरीके से बेचने का बड़ा मामला सामने आया है. आरोप है कि ताज मोहम्मद ने 35 लोगों को यह जमीन पूर्वजों की बताकर फर्जी या भ्रामक दस्तावेजों के आधार पर लगभग 10-10 लाख रुपये प्रति व्यक्ति में बेच दी. इन लोगों में अधिकांश ठेला चलाने वाले, मजदूर और राजगीर शामिल हैं, जिन्होंने अपनी पूरी जमा-पूंजी और कर्ज लेकर जमीन खरीदी.
पीड़ितों ने जमीन मिलने के बाद अपने मकानों का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया और कई लोगों ने नींव भरकर दीवारें खड़ी कर लीं. मगर, मामला तब बिगड़ गया जब राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी. फिर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी. इससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने डिमोलिशन का विरोध किया. विरोध के दौरान एक व्यक्ति ने खुद को चोट पहुंचा ली, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अवैध तरीके से जमीन बेची जा रही थी, तब प्रशासन ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की. उनका आरोप है कि अगर समय रहते राजस्व विभाग ने कदम उठाया होता, तो गरीबों की मेहनत की कमाई बर्बाद नहीं होती. मौके पर मौजूद लेखपाल के अनुसार, करीब 35 लोगों ने निर्माण कार्य किए जाने का दावा किया है.
राजस्व टीम का कहना है कि सर्वे नायब के निर्देश पर निर्माण रोकने की कार्रवाई की गई है. फिलहाल मामले को लेकर जांच जारी है और प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इस पूरे मामले में पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई. वहीं पीड़ित लोग अब अपने पैसे और आशियाने को लेकर गहरी चिंता में हैं.

