यूपी में LPG सप्लाई पर बड़ा अपडेट!
लखनऊः दुनिया के अधिकांश देश पिछले कुछ समय से गैस और तेल की संकट से जूझ रहे हैं, जिसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है. गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. हालांकि इस संकट के बीच उत्तर प्रदेश में सबकुछ ठीक करने की कवायद जारी है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय कोऑर्डिनेटर ऑफिस ने दावा किया है कि सूबे में हर रोज औसतन 8 लाख एलपीजी रिफिल की डिलीवरी की जा रही है और फिलहाल 5.4 दिन का बैकलॉग बचा है, जिसे खत्म करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. बता दें कि पिछले महीने यानी कि अप्रैल में बैकलॉग करीब 6 दिन का था.
एलपीजी गैस सिलेंडर का 4.3 दिन के लिए भंडारण मौजूद
एसएलसी संजय भंडारी ने बताया कि फिलहाल एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर और बॉटलिंग प्लांट्स के पास मिलाकर करीब 4.3 दिन का भंडारण है. इसके अलावा उन्होंने बताया कि बॉटलिंग प्लांट्स में लोडिंग लोकेशन और इंपोर्ट टर्मिनलों से लगातार स्टॉक की आपूर्ति की जा रही है. उत्तर प्रदेश में 4 हजार 143 डिस्ट्रीब्यूटर्स और 36 बॉटलिंग प्लांट्स के जरिए करीब 4.88 करोड़ कंज्यूमर्स को एलपीजी की सेवाएं दी जा रही हैं.
यूपी में 14 दिनों की डिमांड पूरी करने के लिए पेट्रोल-डीजल उपलब्ध
वहीं पेट्रोल-डीजल के संकट पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में राज्य में 13 हजार 168 रिटेल फ्यूल स्टेशन हैं और 28 सप्लाई डिपो संचालित हैं. औसतन हर रोज 2 करोड़ लीटर पेट्रोल और 3.3 करोड़ लीटर डीजल मुहैया कराया जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि इस वक्त राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक है. सभी रिटेल आउटलेट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और बिक्री पर किसी तरह की कोई पाबंदी नहीं है. हमारे डिपो और रिटेल आउटलेट्स पर उपलब्ध संयुक्त स्टॉक पेट्रोल और डीजल की औसत बिक्री के हिसाब से 14 दिनों की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त है.

