आर्थिक तूफान आने वाला है, बहुत कठिन समय आ रहा है : राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 2 दिन के यूपी दौरे पर हैं। मंगलवार को रायबरेली में राहुल ने कहा- अब आर्थिक तूफान आने वाला है। पीएम मोदी ने अडाणी और अंबानी वाला जो आर्थिक ढांचा बनाया है, वह टूटकर गिरेगा। इसका नुकसान आम जनता को होगा। यूपी की जनता को शॉक लगेगा। बहुत कठिन समय आ रहा है। एक्शन की बजाए पीएम कह रहे हैं कि विदेश यात्रा पर मत जाइए, जबकि खुद दुनिया के चक्कर काट रहे हैं।
राहुल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा-
हम आपके साथ खड़े हैं। जहां भी आप जाएंगे, मुझे बुला लीजिए, मैं आपके साथ रहूंगा। आपने मेरा समर्थन किया, आपने बारात घर की मांग की थी, हमने आपको बारात घर भी दे दिया। अगली बार जब यहां शादी होगी तो मुझे जरूर बुलाइएगा, मैं जरूर आऊंगा। हमारा रिश्ता प्यार का है, दिल का रिश्ता है, परिवार जैसा रिश्ता है। जनता मेरे लिए माता-पिता, दादी, बहन और भाई जैसी है
राहुल मंगलवार सुबह 11.30 बजे दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने उनका स्वागत किया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक बैनर-पोस्टर लेकर एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। राहुल गांधी मंगलवार रायबरेली में रहेंगे। वह खीरो गांव में एक छोटी जनसभा को संबोधित करेंगे। लालगंज में महिला संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। कल यानी 20 मई को जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मिलेंगे। स्वतंत्रता सेनानी वीरा पासी की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इसके बाद अमेठी रवाना हो जाएंगे।
लोकसभा चुनाव 2024 के बाद राहुल गांधी 6 बार रायबरेली आ चुके हैं। यह उनका 7वां दौरा है। इससे पहले, 19 जनवरी 2026 को रायबरेली आए थे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल 2027 में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।
राहुल गांधी ने खीरो में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बढ़ती महंगाई, आर्थिक संकट, बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर सरकार को घेरा।
राहुल गांधी ने कहा कि राजनीति का मतलब लोगों का ध्यान भटकाना और जनता की जेब से पैसा निकालना बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में जनता के मुद्दे उठाने पर उनका माइक बंद कर दिया जाता है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, जबकि सरकार लोगों को इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने की सलाह दे रही है।

