बुलंदशहर : पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने के आरोपी भाजपा नेता रिहा
दिल्ली में कांग्रेस सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने के मामले में जमानत पर रिहा हुए भाजपा कार्यकर्ताओं का बुलंदशहर में बृहस्पतिवार शाम 4 बजे जोरदार स्वागत किया गया। स्थानीय भाजपा पदाधिकारी सुमित गोस्वामी (सुमित गिरी) और हैप्पी शर्मा की घर वापसी पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। जिलाध्यक्ष चौहान इस पूरे मामले में कार्यकर्ताओं के समर्थन में खड़े रहे।
यह मामला दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान का है, जहां कांग्रेस सांसद पप्पू यादव सनातन धर्म और संतों के अपमान का आरोप लगाते हुए बयान दे रहे थे। बुलंदशहर के सिकंदराबाद नगर मंत्री सुमित गिरी और नैथला हसनपुर निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष हैप्पी शर्मा ने उनके बयानों का विरोध किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव पर चप्पल फेंकी गई थी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने सुमित गिरी और हैप्पी शर्मा को हिरासत में ले लिया था। गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद दोनों आरोपियों के परिजनों ने घटना से अनभिज्ञता जताई थी।
सहपानी गांव निवासी सुमित की मां विमला देवी और उनके भाई (गांव प्रधान भूपेंद्र) ने बताया कि सुमित दोपहर में सामान्य रूप से ऑफिस के लिए निकला था। परिवार को मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से ही उसके दिल्ली में होने और गिरफ्तारी की जानकारी मिली।
हैप्पी के पिता मुनेश कुमार शर्मा और भाई सुमंत ने भी बताया कि घटना के बाद से उनका हैप्पी से संपर्क नहीं हो पाया था। वे इस बात से हैरान थे कि हैप्पी किन परिस्थितियों में दिल्ली पहुंचा। कानूनी प्रक्रियाओं के बाद दोनों नेताओं को जमानत पर रिहा कर दिया गया। बुलंदशहर पहुंचने पर भाजपा खेमे में खुशी का माहौल देखा गया।

