बुलंदशहर : वेज खाने में हड्डी मिली, होटल मालिक-ग्राहक में मारपीट
बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित काले आम चौराहे पर एक नॉनवेज होटल में वेज खाने में हड्डी मिलने के बाद होटल मालिक और ग्राहक के बीच जमकर मारपीट हुई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले। यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के बाद होटल मालिक ने अपने पड़ोसी होटल मालिक पर साजिश के तहत मारपीट करवाने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपी पड़ोसी होटल मालिक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका इस मामले से कोई वास्ता नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक होटल मालिक ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने होटल से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और मामले की निष्पक्ष जांच में जुट गई है।

