News

 बुलंदशहर : कांवड़ यात्रा को लेकर बुलंदशहर-हापुड़ SSP-SP ने संभाला मोर्चा

आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार शाम करीब 5 बजे बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह और हापुड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने संयुक्त रूप से दोनों जिलों की सीमाओं से गुजरने वाले प्रमुख कांवड़ मार्गों और गंगा एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना है।

निरीक्षण के दौरान दोनों जिलों के कप्तानों ने कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों ने विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की और आवश्यक निर्देश जारी किए।

कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात डायवर्जन प्वाइंट्स और वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया। रूट पर पड़ने वाले संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी बुलंदशहर और एसपी हापुड़ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियों को समय सीमा के भीतर पूरा करने की हिदायत दी।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (लाउडस्पीकर) और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल व अन्य आपातकालीन सेवाएं 24×7 उपलब्ध रहनी चाहिए।

इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान बुलंदशहर के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP City) अभिषेक प्रताप अजेय सहित दोनों जनपदों के कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *