News

बुलंदशहर : एनएचएम में 58.94 लाख के घोटाले का आरोप

बुलंदशहर में आजाद अधिकार सेना ने CBI जांच की मांग उठाई

आजाद अधिकार सेना ने बुलंदशहर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत आशा प्रतिपूर्ति मद में हुए ₹58,94,532 के कथित वित्तीय घोटाले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह राणा ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को एक विस्तृत शिकायत पत्र भेजा है।

शिकायत पत्र में इस पूरे मामले की CBI, EOW (आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन) या विजिलेंस से निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई की अपील भी की गई है।

शिकायत के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (मेरठ मंडल) के रीजनल मैनेजर (कम्युनिटी प्रोसेस) ने 18 जून 2024 को एक आधिकारिक पत्र (पत्रांक: RAC/NHM/Ayushman Arogya Mandir/2024-25/99) जारी किया था।

इस पत्र में खुलासा हुआ था कि बुलंदशहर जनपद के छह विकास खंडों—कसेरकला, शिकारपुर, ऊंचागांव, स्याना, मालागढ़ तथा लखावटी—में BCPM-MIS पोर्टल पर NCD स्क्रीनिंग (CBAC Form) का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। इसके बावजूद, नियमों का उल्लंघन करते हुए आशा कार्यकर्ताओं को ₹58.94 लाख का भुगतान कर दिया गया। इसे एक गंभीर वित्तीय अनियमितता बताया गया है।

देवेंद्र सिंह राणा ने अपनी शिकायत में एक और दावा किया है। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी सामने आने के बाद कई आशा कार्यकर्ताओं से भुगतान की गई धनराशि वापस (रिकवर) ली गई। हालांकि, इस सरकारी धन को खजाने में जमा कराने के बजाय उसका एक बड़ा हिस्सा विभिन्न GST पंजीकृत फर्मों के खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।

राणा ने ने कहा, “संबंधित पत्र जारी होने के लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो इस प्रकरण की प्रभावी जांच पूरी की गई, न सरकारी धन की रिकवरी हुई और न ही दोषियों पर कोई कार्रवाई हुई। इतनी लंबी अवधि तक कार्रवाई न होना प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।”

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *