बुलंदशहर : पुलिस-स्वाट टीम से मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
जहांगीराबाद थाना पुलिस और स्वाट टीम ने मंगलवार देर रात एक वांछित अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना मंगलवार रात करीब 3 बजे जसर बम्बे की पुलिया के पास हुई, जहां पुलिस और स्वाट टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक कच्चे रास्ते पर फिसल गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान हिमांशु उर्फ पुष्पेन्द्र (पुत्र प्रह्लाद, निवासी सियाली नगर, थाना अहार, बुलंदशहर) के रूप में हुई है।
गोली लगने के बाद पुलिस ने बदमाश को तुरंत काबू में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, कुछ कारतूस, करीब 400 ग्राम सफेद धातु और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस के मुताबिक हिमांशु उर्फ पुष्पेन्द्र एक शातिर चोर है, जो 25 मार्च 2026 को चामुंडा माता मंदिर, अमरगढ़ और 23 अप्रैल 2026 को सिद्धबाबा मंदिर, चंडौक में हुई चोरी की घटनाओं में वांछित था। इन मामलों में वह अपने साथियों के साथ शामिल था और लगातार फरार चल रहा था। इसी मामले में पुलिस ने 18 मई 2026 को उसके दो साथियों अंकित और रशीक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। दोनों के खिलाफ 8-8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसे जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

