बुलंदशहर : भाजपा नेता यूरिया घोटाले का मास्टरमाइंड
किसानों को मिलने वाले यूरिया की कालाबाजारी के सिंडिकेट का मास्टरमाइंड जिला भाजपा का एक बड़ा नेता बताया जा रहा है। यही नेता मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी में अवरोधक बना हुआ है। डीएम कुमार हर्ष ने आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। करोड़ों रुपए के यूरिया घोटाले का मास्टरमाइंड सहकारी समिति के डायरेक्टर का बेटा एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस की कई टीमें उसकी धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं।
कृषि विभाग के अफसरों ने बीते दिनों अनूपशहर गंगा पुल से तीन ट्रक पकड़े थे, इनमें यूरिया के 1575 बोरे बरामद हुए। ट्रक चालकों से पूछताछ में पता चला कि इन्हें संभल, रामपुर, मुरादाबाद और बदायूं ले जाया जा रहा था। पुलिस ने यूरिया जब्त कर ट्रक चालकों को हिरासत में लिया था। सहायक आयुक्त अमित कुमार त्यागी ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक दिव्यांशु वर्मा, सहायक लेखाकार यश राघव और भंडार नायक हरेंद्र प्रताप सिंह व रावेंद्र के निलंबन की संस्तुति आयुक्त एवं निबंधक से की, जिसके बाद इन्हें सस्पेंड कर दिया गया। डीएम की संस्तुति के बाद अनूपशहर कोतवाली में तहरीर देकर मोहम्मद हारुन निवासी हमीरपुर टांडा जिला रामपुर, असलम निवासी सैलानी शाहबाद रामपुर, शेर अली बिहटा बदायूं, सौपाल सिंह बहजोई सम्भल, हरेन्द्र पाल सिंह पीसीएफ कर्मचारी, यश राघव पीसीएफ कर्मचारी, जिला प्रबंधक पीसीएफ बुलंदशहर, रावेन्द्र भंडार नायक पीसीएफ बुलंदशहर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमन सिंह राघव ने पूर्व बार अध्यक्ष और सहकारी समिति के डायरेक्टर यशपाल राघव और कॉर्पोरेटिव में तैनात उनके बेटे यश राघव पर यूरिया की कालाबाजारी कर करोड़ों रुपए की अवैध सम्पत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत डीजीपी से कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं भाकियू नेता चौधरी अरब सिंह ने भी यूरिया घोटाले के आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

