बुलंदशहर : युवक को पीटा, मुंह से चटवाई चप्पल
बुलंदशहर में एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटने और मुंह से चप्पल चटवाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि दबंगों ने युवक को एक होटल में बंधक बनाकर घंटों तक प्रताड़ित किया। यह घटना थाना ककोड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव सुनपेड़ा की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक फर्श पर अधमरी हालत में पड़ा है, जबकि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और जबरन चप्पल चटवा रहे हैं। आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी पीड़ित को बचाने की कोशिश नहीं की।
पीड़ित युवक की पहचान आशु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दबंग युवक उस पर मकान खाली करने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर उसे होटल में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहे आरोपी गांव सुनपेड़ा के ग्राम प्रधान के पुत्र बताए जा रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है और आरोपी युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुट गई है। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

