गुरुग्राम में सोशल मीडिया पर लड़की बनकर हजारों की ठगी
गुरुग्राम साइबर क्राइम पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिनेडु, जेम्स संडे और जूल्स ककाओ के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 14 मई को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया। उन्हें कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 19 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 18 भारतीय व अंतर्राष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद किए हैं।
इंस्टाग्राम पर हुई थी लड़की से मुलाकात
एक शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर एक लड़की से हुई थी। बातचीत के दौरान लड़की ने उसे बताया कि वह भारत आ चुकी है और मुंबई एयरपोर्ट पर उसका बैंक चेक इंडियन करेंसी में बदलवाने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर 69 हजार 900 रुपए की आवश्यकता है। शिकायतकर्ता ने लड़की के बताए बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कर दी।
जब लड़की ने और पैसे मांगे, तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर लड़कियों की फर्जी आईडी बनाकर लोगों से संपर्क करते थे। वे भारत आने, गिफ्ट भेजने या पैसे एक्सचेंज करवाने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन फीस, एंटी मनी लॉन्ड्रिंग शुल्क और अन्य बहानों से रकम ट्रांसफर करवाते थे।
बांग्लादेश के रास्ते अवैध रुप से भारत आया युवक
शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि आरोपी जेम्स संडे वर्ष 2022 में बांग्लादेश के रास्ते अवैध रूप से भारत आया था। वहीं, चिनेडु वर्ष 2018 और जूल्स वर्ष 2017 में स्टडी वीजा पर भारत आए थे। पुलिस को इनके पास से कोई वैध वीजा या पासपोर्ट नहीं मिला, जिसके चलते मामले में पासपोर्ट एक्ट और फॉरेनर एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

