भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी को लेकर नाराजगी, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने राज्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
बाराबंकी के सूरतगंज में भगवान श्रीराम और पत्रकारों पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला गरमा गया है। रविवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में पत्रकारों ने प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। राज्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने तथा शीघ्र कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
जिला अध्यक्ष संतोष शुक्ला और जिला महामंत्री दीपक सिंह सरल द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 8 मई को सूरतगंज क्षेत्र के एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार के मोबाइल फोन पर जिला पंचायत तृतीय सूरतगंज प्रतिनिधि बलराज सिंह उर्फ बल्लू ने अपने एक साथी के मोबाइल नंबर से कॉल किया। इस दौरान पत्रकारों को कथित तौर पर भद्दी गालियां दी गईं।
आरोप है कि बातचीत के दौरान भगवान श्रीराम के प्रति भी अभद्र टिप्पणी की गई। इससे पत्रकारों के साथ-साथ सनातन धर्म के अनुयायियों में भी आक्रोश है। ज्ञापन में बताया गया कि घटना के विरोध में 10 मई को रामनगर तहसील अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा के नेतृत्व में पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल मोहम्मदपुर खाला कोतवाली पहुंचा था, जहां आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई थी।
पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद, एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपी के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पत्रकार संगठनों में असंतोष बढ़ रहा है। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों में 24 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके बावजूद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पत्रकार संगठन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री दीपक सिंह सरल ने राज्यमंत्री से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।

