गाजियाबाद : डॉग लिफ्ट में ले जाने पर हंगामा, टीचर को पीटा , महिला ने बाल नोचे
गाजियाबाद की विंडसर पैराडाइज सोसाइटी में डॉग को लिफ्ट में ले जाने को लेकर दो महिलाओं के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि डॉग के साथ मौजूद महिला ने स्कूल टीचर को लिफ्ट में आने से रोका। विरोध करने पर उसने टीचर के बाल खींचे, डंडे से पीटा और कई थप्पड़ मारे।
सोसाइटी के गार्ड ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद नहीं थमा। बाद में वह खुद टीचर को लिफ्ट से फ्लैट तक लेकर गया। घटना शनिवार की है, जिसका CCTV फुटेज रविवार को सामने आया। पीड़ित महिला टीचर ने नंदग्राम थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हिना बारी अपने परिवार के साथ विंडसर पैराडाइज-2 में रहती हैं। वह इंदिरापुरम के एक स्कूल में टीचर हैं। 12 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह स्कूल से लौटकर सोसाइटी पहुंचीं। हिना ने बताया कि लिफ्ट में श्वेता सूबे अपने पालतू डॉग के साथ पहले से मौजूद थीं।
वह मुझसे बोली कि दूसरी लिफ्ट से जाओ। मैंने कहा कि मैं साइड में खड़ी हो जाऊंगी। जब मैंने लिफ्ट में जाने की कोशिश की, तो उन्होंने मुझसे बहस करना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर श्वेता ने छड़ी से मुझे मारा। जब मैंने उनको रोकने की कोशिश की, तो वो मुझे थप्पड़ मारने लगी और गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगी।
घटना के दौरान सोसाइटी का गार्ड बीच-बचाव करने आया। लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रही। CCTV फुटेज में दोनों महिलाओं के बीच हुई धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना दिखाई दे रही है।
घटना के बाद हिना बारी ने नंदग्राम थाने में लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस CCTV फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। NCR यानी गैर संज्ञेय मामले में केस दर्ज किया है। वहीं, घटना के बाद सोसाइटी में पालतू डॉग्स को लिफ्ट में ले जाने और इसको लेकर होने वाले विवाद का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।
अब काम की बात जानिए…
अपार्टमेंट्स और हाउसिंग सोसाइटीज के भीतर पालतू कुत्तों को लेकर अक्सर टकराव देखने को मिलते हैं। लिफ्ट, पार्क या बच्चों के प्ले एरिया में कुत्तों के काटने या डराने जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
कई बार इसी वजह से पालतू जानवर के मालिक और पड़ोसियों के बीच बहस या विवाद हो जाता है। गाजियाबाद की ये घटना इसका सटीक उदाहरण है। ऐसे में अगर आप अपार्टमेंट या सोसाइटी में पालतू जानवर रखते हैं तो आपके और आपके पालतू जानवर के अधिकारों की जानकारी होना जरूरी है।

