हमीरपुर : यमुना में पलटी नाव, बारिश के बीच रेस्क्यू, 3 शव मिले, 3 बच्चे लापता
हमीरपुर में बुधवार शाम को यमुना नदी में नाव पलट गई। नाव में 8 बच्चों समेत 9 लोग सवार थे। नाविक ने 3 को बचा लिया, लेकिन एक युवती और 5 बच्चे यानी 6 लोग डूब गए। गुरुवार सुबह तक 3 शव मिल गए। बारिश के बीच 3 की तलाश के लिए यमुना में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी के 100 जवानों की टीम रेस्क्यू चला रही है। घटना के बाद डूबे बच्चों के मां-बाप और परिवार के लोग घाट किनारे बैठे हुए हैं। एक बच्चे की मां अफसरों के सामने हाथ जोड़कर बोली- साहब, मेरा बच्चा ले आइए।
घटना बुधवार शाम 6 बजे की है। आंधी-बारिश की वजह से रात 11 बजे रेस्क्यू रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह 6 बजे से एक बार फिर 10 नाव से रेस्क्यू शुरू किया गया। 3 घंटे बाद सुबह 9 से 10 बजे के बीच में 3 शव बरामद किए।
ये शव ब्रजरानी (25) और दो बच्चियां आकांक्षा (9) और रानी (9) के हैं। 3 बच्चे लभ्यांश (5), गोरेलाल (6) और आदित्य (11) अब भी लापता हैं। हादसा जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर कुरारा थाना क्षेत्र में हुआ। सभी बच्चे नाव पर सवार होकर नदी के पार एक टापू पर खरबूजा-ककड़ी खाने गए थे। लौटते समय नदी के बीच नाव पलट गई।
हादसा कैसे हुआ? जान लीजिए-
- मामला कुरारा थाना क्षेत्र के भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया का है। यह गांव यमुना नदी के किनारे बसा है। गांव निवासी श्रीपाल की बेटी की मंगलवार (5 मई) को शादी थी। बुधवार (6 मई) को विदाई के बाद शाम करीब 6 बजे रिश्तेदारी में आए नाविक धीरू समेत 10 लोग नाव से यमुना पार चले गए। वहां पर सभी ने खरबूजा और ककड़ी खाई।
- फिर सभी नाव से लौट रहे थे। लेकिन, यमुना नदी में अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और पलट गई। नाव धीरू चला रहा था। उसने विष्णु, रिंकू और पारुल को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन आकांक्षा (9), रानी (9), ब्रजरानी (25), लभ्यांश (5), गोरेलाल (6) और आदित्य (11) लापता हो गए।

