Dailynews

अलीगढ़ : शहीद की बेटी की शादी में CRPF जवान बने भाई

अलीगढ़ के सारसौल में शहीद की बेटी की शादी में CRPF के जवान मेहमान बनकर नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य बनकर पहुंचे। उन्होंने शादी में पिता और भाई की जिम्मेदारी निभाई।

बारात आने से लेकर जयमाला और स्टेज की रस्मों तक जवान परिवार के साथ खड़े रहे। दुल्हन को स्टेज तक लेकर गए। यह देखकर परिवार भावुक हो गया। सारसौल निवासी ओमप्रकाश CRPF की 154वीं बटालियन में तैनात थे। 10 नवंबर 2010 को जम्मू-कश्मीर के बारामूला में ड्यूटी के दौरान वह शहीद हो गए थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। दूसरे नंबर की बेटी विनीता की शादी 24 नवंबर को हाथरस से आई बारात के साथ लोटस गार्डन गेस्ट हाउस में हुई।

जवानों ने निभाई भाई की रस्म

शादी में CRPF की 104वीं बटालियन के कमांडेंट अमित कुमार, सहायक सेनानायक नवीन कुमार भारती समेत अधिकारी और जवान पहुंचे। दुल्हन को चादर पर उठाकर स्टेज तक ले जाने की रस्म में जवानों ने भाई की भूमिका निभाई। उन्होंने विनीता को उसी तरह स्टेज तक पहुंचाया, जैसे अपने परिवार की बेटी को पहुंचाते हैं।

जयमाला के लिए रात 11 बजे तक रुके अधिकारी

CRPF कमांडेंट और उनकी टीम शादी में करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक मौजूद रही। बारात आने के बाद जयमाला रात 9 बजे होनी थी, लेकिन अधिकारियों के कार्यक्रम में शामिल होने के चलते यह रस्म रात 11 बजे के बाद हुई। कमांडेंट और जवान पूरी रस्म में शामिल रहे। उन्होंने वर-वधू को उपहार देकर नए जीवन की शुभकामनाएं दीं।

बेटे ने कहा- लगा, पिता का परिवार आज भी अकेला नहीं

शहीद ओमप्रकाश के बेटे चेतन ने CRPF अधिकारियों और जवानों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जवानों ने बहन की शादी में पहुंचकर परिवार का साथ दिया। अधिकारी तीन से चार घंटे तक रुके और स्टेज का कार्यक्रम पूरा होने के बाद ही वहां से गए। इससे महसूस हुआ कि CRPF आज भी उनके पिता के परिवार के साथ खड़ी है।

परिवार ने सभी अधिकारियों और जवानों का आभार जताया। शादी में जवानों की मौजूदगी ने परिवार को यह एहसास कराया कि देश के लिए शहीद हुए जवान का परिवार आज भी उनके साथ जुड़े संगठन के लिए अपना है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *