बुलंदशहर में हेडमास्टर के पति ने शिक्षक को पीटा
बुलंदशहर में एक महिला हेडमास्टर के पति ने सहायक अध्यापक की पिटाई कर दी। यह घटना स्कूल में हुए विवाद के बाद हुई। मारपीट की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके फुटेज अब वायरल हो रहे हैं।
औरंगाबाद क्षेत्र के चारोरा मुस्तफाबाद परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापक जितेंद्र कुमार और हेडमास्टर बबिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद जब सहायक अध्यापक जितेंद्र कुमार घर लौट रहे थे, तभी हेडमास्टर बबिता ने अपने पति से उनकी पिटाई करवाई। यह घटना बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र के स्याना अड्डे के पास हुई।
मारपीट की यह घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सहायक अध्यापक ने कोतवाली देहात पुलिस को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कोतवाली पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

