Dailynews

 मेरठ में IAF का एयर शो : लड़ाकू विमानों ने आसमान में तिरंगा बनाया

मेरठ में आज पहली बार एयरफोर्स का एयर शो हुआ। इसमें लड़ाकू विमानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। 9 हॉक MK-132 विमानों की गड़गड़ाहट से आसमान गूंज उठा। जमीन से महज 200 फीट की ऊंचाई पर विमानों ने धुएं से लकीरें खींचकर तिरंगा बनाया। हवा में गुलाटियां मारीं।

लड़ाकू विमान एक-दूसरे से 5 मीटर से भी कम दूरी पर एक साथ उड़े। हवा में कभी सीधे तो कभी पलटियां खाते हुए नीचे आए। करीब 30 मिनट तक हजारों लोग गर्दन ऊपर करके विमानों के स्टंट देखते रहे। तालियां और सीटियां बजाते रहे। जैसे विमान उनके ऊपर आकाश में पहुंचता लोग अपनी जगह पर उछल पड़ते। ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारे लगाते।

एयर शो वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम के धुरंधर पायलटों ने किया। 2 दिन चलने वाला एयर शो शनिवार सुबह 10:30 बजे न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में शुरू हुआ। 9 लड़ाकू विमानों ने गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस से उड़ान भरी। कल आखिरी दिन एयरशो में भारी संख्या में दर्शकों के उमड़ने की उम्मीद है।

खास बात यह है कि सूर्यकिरण टीम में मेरठ के तीन पायलट हैं। इनमें से स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल और स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह ने विमान उड़ाया, जबकि स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल ने जमीन (ग्राउंड) से शो का मैनेजमेंट संभाला। एयर शो देखने के लिए 10 से अधिक स्कूलों के छात्र, एनसीसी (NCC) और एनएसएस (NSS) कैडेट्स समेत करीब 10 हजार लोग मौजूद रहे एयर शो खत्म होने के बाद शो देखने आए छोटे छोटे स्कूली बच्चों को स्क्वाड्रन लीडर विक्रम ने गिफ्ट दिए। कल भी शो में आने के लिए आमंत्रित किया।

मेरठ में जिला अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कहा कि पहली बार इस शो का आयोजन हुआ है, जिसमें मेरठ ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग पहुंचे है। कल यह संख्या और भी अधिक रहने की संभावना है।

मेरठ के स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल सूर्यकिरण टीम का हिस्सा हैं। हवाई प्रदर्शन को देखने के लिए उनकी फैमिली भी यहां पहुंची। उनकी वाइफ, माता-पिता और भाई-बहन सभी मौजूद रहे। परिवार का कहना है कि आज का दिन उनके लिए बेहद खास है। अमन को आसमान में प्रदर्शन करते देखने की खुशी के साथ उन्हें इस बात का भी गर्व है कि उनकी मेहनत आज इस मुकाम तक पहुंची है। परिवार में सभी बेहद खुश हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *