लखनऊ समेत 5 शहरों में बारिश, 31 जिलों में अलर्ट
यूपी में मानसून जाते-जाते भी जमकर बरस रहा है। शनिवार को लखनऊ, बहराइच और झांसी समेत 5 शहरों में तेज बारिश हुई। लखनऊ में दोपहर 12 बजे अचानक मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए। कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बाराबंकी और जालौन में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग (IMD) ने आज 31 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, अगले 12 से 24 घंटे में राजस्थान के रास्ते मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी। इसके बाद बारिश की गतिविधियां कम होने लगेंगी। 3-4 दिन बाद बारिश का सिलसिला बिल्कुल थम जाएगा। तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।
प्रदेश में लगातार हुई मानसूनी बारिश से उफनाई नदियों का जलस्तर अब घटने लगा है। गोंडा में घाघरा नदी का पानी कम होने से 25 गांवों से बाढ़ का पानी उतर गया है, जबकि 10 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। कटान के कारण 20 बीघा खेती वाली जमीन नदी में समा गई।
मऊ में 2 दिन में 5 बीघा जमीन सरयू में समा चुकी है। काशी में गंगा का जलस्तर घटने से घाटों की सीढ़ियों से पानी उतर गया है। घाट पर कीचड़ ही कीचड़ दिखाई दे रहा है। बाराबंकी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की OPD में गुरुवार देर रात कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। वन विभाग ने रेस्क्यू करके जंगल में छोड़ा। पीलीभीत में शुक्रवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान 19 साल का युवक नहर के तेज बहाव में बह गया।
जालौन में पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों को शनिवार दोपहर राहत मिली। अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट से लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई। बारिश शुरू होते ही लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली और मौसम सुहावना हो गया।

