नोएडा अथॉरिटी के नए भवन का शुभारंभ, सीएम योगी ने 9,228 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया
नोएडा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना सिटी और नोएडा की कुल 9,228 करोड़ रुपये की औद्योगिक एवं विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। यमुना सिटी सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) में 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन कंपनियों की परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया।
इस दौरान सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- दुनिया से जिन इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स का भारत आयात करता है, अब उन्हें देश में बनाकर दुनिया को निर्यात करने का लक्ष्य है। उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट निर्माण का बड़ा हब बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
जेवर में आज मंगल ही मंगल
कभी जंगलराज के लिए बदनाम रहा जेवर आज मंगलराज का प्रतीक बन गया है। जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास की नई पहचान है और जल्द ही यहां से कमर्शियल उड़ानें भी शुरू होंगी। एम्बर ग्रुप और दक्षिण कोरिया की कंपनी के संयुक्त उपक्रम के जरिए यह निवेश किया जा रहा है। विश्व एमएसएमई दिवस का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बड़े उद्योग की मजबूत नींव एमएसएमई सेक्टर ही होता है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश में मैन्युफैक्चरिंग को तेज गति मिलेगी। 2017 से पहले प्रदेश का शिल्पकार और कारीगर निराश था। सरकार ने समितियां बनाकर उनका विश्वास जीता और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई। आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP)’ पूरे देश के लिए एक मॉडल बन चुका है।
सीएम योगी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान जब अधिकांश गतिविधियां बंद थीं, तब भी एमएसएमई सेक्टर ने अर्थव्यवस्था को संभाले रखा। बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों को इसी क्षेत्र ने रोजगार दिया और प्रदेश का निर्यात 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा।
उन्होंने बताया कि 25 से 29 सितंबर तक उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन होगा, जो निवेश आकर्षित करने और नए व्यापारिक ऑर्डर हासिल करने का बड़ा अवसर साबित होगा। सीएम ने कहा- सरकार ने बिल्डर-बायर्स की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान के लिए लगातार काम किया। एक साल में करीब 1.25 लाख लोगों को उनके घर उपलब्ध कराए गए। कुछ मामलों के सुप्रीम कोर्ट पहुंचने के बाद सरकार ने समिति बनाकर समाधान निकाला। जिसके परिणामस्वरूप करीब 3 लाख संपत्तियों की रजिस्ट्री संभव हो सकी।
किसानों, आरडब्ल्यूए, उद्यमियों और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे होना चाहिए। इसके लिए सभी सेवाओं को ऑनलाइन कर इंटीग्रेटेड सिस्टम लागू करने और प्रभावी लैंड बैंक विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब 1970 के दशक की सोच से नहीं, बल्कि आधुनिक जरूरतों के अनुसार आगे बढ़ना होगा। आज ही जेवर में दक्षिण कोरिया की कंपनी के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्किट निर्माण परियोजना की आधारशिला रखी गई है। फिल्म सिटी और अपैरल पार्क जैसी परियोजनाओं में भी बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। जो क्षेत्र कभी निवेश के लिए उपयुक्त नहीं माने जाते थे, आज वहां उद्योग स्थापित हो रहे हैं। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए नीतिगत फैसलों को जाता है।

