Dailynews

Jewar Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की राह क्लीयर, मिल गई सुरक्षा मंजूरी

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से सफर करने का सपना देखने वालों के लिए खुशखबरी है. जेवर एयरपोर्ट को आखिरकार सुरक्षा से जुड़ी अंतिम मंजूरी मिल गई है. इससे अब यहां से व्यावसायिक उड़ानों की तैयारी शुरू हो गई है. ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) ने एयरपोर्ट के एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) को क्लियर कर दिया है, जिसे एयरपोर्ट संचालन के लिए सबसे अहम मंजूरी माना जाता है.

इस मंजूरी के बाद अब एयरपोर्ट के लॉन्च पार्टनर एयरलाइंस इंडिगो, एयर इंडिया एक्‍सप्रेस और अकासा जल्द ही घरेलू उड़ानों के लिए टिकट बेचना शुरू कर सकते हैं. जून के पहले हफ्ते में पहली उड़ान शुरू हो सकती है. इससे यात्रियों को एक नया विकल्प मिलेगा और दिल्ली एयरपोर्ट पर दबाव भी कम होगा.

नोएडा एयरपोर्ट को यह मंजूरी तब मिली जब उसने अपने विदेशी सीईओ की जगह भारतीय अधिकारी नीतू समरा को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया. ASP के तहत एयरपोर्ट की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं- जैसे परिधि सुरक्षा, एंटी-हाइजैकिंग उपाय, एंट्री पॉइंट्स की निगरानी और कर्मचारियों की बैकग्राउंड जांच को कवर किया जाता है. अब इस मंजूरी के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी गोवा के मोपा और नवी मुंबई एयरपोर्ट की तरह पहले घरेलू उड़ानों से शुरुआत करेगा. इससे ना सिर्फ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के लोगों को यात्रा में नई सहूलियत भी मिलेगी.
इस बीच, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी खुद को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हब के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. यहां हब-एंड-स्पोक मॉडल लागू किया जाएगा, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बीच ट्रांसफर और भी आसान हो जाएगा. यह वही सिस्टम है जो दुबई, दोहा और सिंगापुर जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर पहले से लागू है.

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय क्षमता भी बढ़ाई जा रही है. टर्मिनल-3 के नए इंटरनेशनल पियर (Pier C) के शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या सालाना 2 करोड़ से बढ़कर 3.2 करोड़ तक पहुंच सकती है. इसके अलावा, टर्मिनल-1 और टर्मिनल-3 के बीच एयरसाइड ट्रांजिट सुविधा भी जल्द शुरू होगी, जिससे यात्रियों को टर्मिनल बदलने में आसानी होगी.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *