यूपी : पुलिसवालों को दौड़ा-दौड़ाकर गया पीटा, शादी में बग्गी वाले को गए थे बचाने
शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर में एक बारात में जमकर बवाल हुआ है. ये बबाल वर वधू पक्ष और घोड़ा बग्घी वाले के बीच हुआ और बबाल के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया. बवाल की वजह जिस घोड़ा बग्गी पर दूल्हा बैठ कर आया उसने अपना किराया मांग लिया. आरोप है कि इसके बाद वर वधू-पक्ष भड़क गए और उन्होंने घोड़ा बग्गी वाले की जमकर पिटाई कर दी.
पीड़ित घोड़ा बग्गी वाले ने फौरन ही डायल 112 पर शिकायत कर दी. पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो दबंग वर-वधू पक्ष ने पुलिसकर्मियों को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी जमकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. जिसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अब उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है. पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का यह नजारा थाना मदनापुर के हैदलपुर गांव का है. जहां पर एक बारात का कार्यक्रम था. घोड़ा बग्गी मालिक राजेंद्र पाल सिंह अपनी बुकिंग के हिसाब से दूल्हे राजा को अपने घोड़ा बग्गी से बैठाकर बारात में ले गया.
सारा कामकाज निपटाने के बाद घोड़ा बग्गी मलिक ने अपना पहले से तय किराया मांगा. इसके बाद वर और वधू पक्ष से घोड़ा बग्गी वाले की कहासुनी शुरू गई. आरोप है कि वर और वधू पक्ष ने घोड़ा बग्गी वाले की पिटाई कर दी. पीड़ित घोड़ा बग्गी वाले ने फौरन ही डायल 112 पर मदद के लिए शिकायत कर दी. पुलिसकर्मी जब मौके पर पहुंचे तो वर और वधू पक्ष के लोगों ने पुलिस कर्मियों को भी नहीं बख्शा और पुलिस कर्मियों को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया.
बवाल ज्यादा बढ़ा तो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. रात में ही आरोपी वर-वधू पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला प्रीति, ऋषि पाल, बलराम, गोपाल और अमित समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. खास बात यह है कि बारात में बवाल करने वाले ज्यादातर रिश्तेदार लोग शामिल हैं, जो बारात में शामिल होने आए थे. बवाल के दौरान पुलिसकर्मियों को पीटने में भी वही लोग सबसे आगे रहे थे. फिलहाल पुलिस अब गिरफ्तार सभी हमलावरों को जेल भेजने की तैयारी कर रही है.

