Crime News

लखनऊ : बैंक के 42 लॉकर लूटने वाले 2 बदमाशों का एनकाउंटर

Share News

लखनऊ के इंडियन ओवरसीज बैंक के 42 लॉकर काटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोनों बदमाशों का एनकाउंटर 4 घंटे के अंदर किया। पहला एनकाउंटर लखनऊ में रात साढ़े 12 बजे हुआ। दूसरा लखनऊ से 350 किमी दूर गाजीपुर के गहमर में मंगलवार तड़के साढ़े 4 बजे हुआ।

बैंक लूट में फरार सोबिंद कुमार को लखनऊ में, जबकि सन्नी दयाल को गाजीपुर में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों को जब घेरा तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों को दो-दो गोली लगी। दोनों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों बिहार के रहने वाले थे।

शनिवार रात लखनऊ के चिनहट में इंडियन ओवरसीज बैंक की दीवार काटकर लुटेरे 42 लॉकर से गहने लूट ले गए थे। राजधानी में हुई इस घटना से सुरक्षा पर सवाल खड़े किए जा रहे थे।घटना में 7 बदमाश शामिल थे, इनमें 6 बिहार के और एक लखनऊ का है। 2 मारे जा चुके हैं। 3 गिरफ्तार हैं। मास्टरमाइंड विपिन वर्मा लखनऊ का है, जो अपने एक साथी के साथ फरार है।

JCP लॉ एंड ऑर्डर अमित वर्मा ने बताया- लखनऊ में सोमवार रात साढ़े 12 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिहार के असरगंज के रहने वाले ​​​​सोबिंद कुमार को लौलाई के जलसेतु पर घेर लिया। पुलिस को देखते ही सोबिंद ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी फायरिंग में पुलिस ने उसके पैर और पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही गिर गया। पुलिस उसे लोहिया अस्पताल ले आई। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोबिंद के खिलाफ 6 से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने सोबिंद के पास से पिस्टल, कारतूस, कार, जेवर बरामद किए। हालांकि, कितना जेवर बरामद हुआ। पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है।

गाजीपुर SP इरज राजा ने बताया- गहमर इलाके में पुलिस देर रात गश्त कर रही थी। बैंक लूट में फरार सनी दयाल अपने साथी के साथ बाइक से जा रहा था। पुलिस ने चेकिंग के लिए रोका तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों पर बाइक चढ़ाने की कोशिश करते हुए बिहार बॉर्डर की ओर भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा किया। कुतुबपुर इलाके में मुठभेड़ हुई। इसमें सन्नी को गोली लग गई। उसे CHC भदौरा ले जाया गया। प्राइमरी इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सन्नी का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।

पुलिस ने बताया कि सन्नी दयाल के पास से एक पिस्टल, छह खाली कारतूस, सोने के जेवर और 3.55 लाख रुपए बरामद हुए। सन्नी दयाल बिहार के मुंगेर का रहने वाला था इस केस में 24 घंटे में 3 बार मुठभेड़ हुई। पहली मुठभेड़ सोमवार को हुई थी। पुलिस ने तीन बदमाश कैलाश, अरविंद और बलराम को एनकाउंटर में पकड़ा था। मुठभेड़ के दौरान एक के पैर में गोली मारी थी, जबकि कार सवार 4 बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे।

इसमें सोबिंद-सन्नी दयाल भी थे। अभी 2 बदमाश लखनऊ का विपिन वर्मा और बिहार का मिथुन फरार हैं। JCP लॉ एंड ऑर्डर अमित वर्मा ने बताया- दोनों बदमाशों की तलाश जारी है। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *