प्रयागराज में 4 मंजिला होटल में भीषण आग
प्रयागराज में चार मंजिला बिट्ठल होटल में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। होटल में 12 लोग फंस गए। दमकल कर्मियों ने सभी को बचा लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि होटल से सटे ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट के बाद आग लग गई। इसी आग ने होटल में लगी लकड़ी को पकड़ लिया।
हवा के चलते आग तेजी से फैली। देखते ही देखते पूरे होटल में आग फैल गई और 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। धुएं का गुबार 2 किमी दूर से दिखाई देने लगा। होटल कर्मियों की सूचना पर दमकल की 8 गाड़ियां पहुंचीं। हाइड्रोलिक मशीन मंगाई गई। एहतियात के तौर पर चार एंबुलेंस भी बुलाई गईं।
दमकल कर्मी हाइड्रोलिक मशीन पर चढ़कर अंदर पानी की बौछारें मारते रहे। आग बुझाने के दौरान CFO सतीश चंद्र का हाथ झुलस गया। इसके बाद मौके पर ही उनका इलाज किया गया। मामला शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस का है।
होटल में 20 से 25 कमरे हैं। घटना में दो बाइके और आधे से ज्यादा होटल जलकर राख हो गया। बिट्ठल होटल के मालिक आलोक परमार शहर के मम्फोर्डगंज में रहते हैं।
डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग करीब 1:30 बजे लगी थी। दो घंटे की मशक्कत के बाद 3:30 बजे काबू पाया गया। आग बुझाने और राहत कार्य में फायर ब्रिगेड के 36 कर्मचारी जुटे रहे। मौके पर 3 थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात रही।
रेस्क्यू और आग बुझाने के लिए 12 हजार लीटर और 5 हजार लीटर क्षमता वाले पांच फायर टेंडर लगाए गए थे। फायर टेंडरों ने चार-चार राउंड में पानी की रिफिलिंग कर आग पर काबू पाया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

