यूपी के रीलबाज पुलिस अफसर-सिपाही नपेंगे, REEL बनाई तो एक्शन तय
यूपी में पुलिस के अफसर और जवान लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। बड़े अफसरों की बार-बार चेतावनी के बावजूद उनकी रीलबाजी थम नहीं रही है। मुजफ्फरनगर में अभी 4 दिन पहले ही रील बनाने के आरोप में एक दरोगा और कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया।
इसके बाद शनिवार को STF चीफ और अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने सख्त आदेश जारी किया। उन्होंने साफ कहा है कि रीलबाज पुलिस अफसर और जवानों को बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
आदेश में कहा गया है- यूपी पुलिस के लिए 8 फरवरी, 2023 को ‘सोशल मीडिया पॉलिसी’ जारी की गई थी। इसके बावजूद सेवारत (सर्विस में मौजूद) और ट्रेनी (प्रशिक्षु) पुलिसकर्मी लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। वे सोशल मीडिया पर रील्स और अन्य माध्यमों से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर रहे हैं। इससे न केवल उनका सरकारी काम प्रभावित हो रहा, पुलिस की गरिमा और छवि को भी गहरा धक्का लग रहा है।
1. पहचान कर तुरंत कार्रवाई होगी: सभी जिलों को आदेश दिया गया है कि वे अपने ऐसे पुलिसकर्मियों की पहचान करें, जो सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन कर रहे हैं। उनके खिलाफ तुरंत विभागीय एक्शन लें।
2. हर महीने देना होगा हिसाब: सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट हर महीने पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी।
3. URL के साथ रखा जाएगा पूरा रिकॉर्ड: पुलिस मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने के साथ-साथ उस आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट और उसका URL (वेब लिंक) भी अपने रिकॉर्ड के तौर पर सुरक्षित रखना होगा। जिससे सबूत पक्का रहे।
सोशल मीडिया पर नए सिपाहियों की रील्स में ज्यादातर युवा फिल्मी गानों पर लिप्सिंग करते, डायलॉग्स बोलते या ट्रेनिंग के दौरान ड्रिल्स को ड्रामेटिक अंदाज में पेश करते दिख रहे हैं। कई सिपाहियों ने अपने यूजरनेम में COP या UP Police जोड़ लिया है।
अपनी प्रोफाइल को सिंघम या सूर्या जैसे किरदारों से प्रेरित बॉयो से सजा लिया है। कुछ रील्स में तो नए सिपाही लोहे के बॉक्स पर पुलिस लिखवाकर गांव में जुलूस निकालते या ट्रेनिंग सेंटर जाते समय भावुक विदाई के सीन दिखाते नजर आ रहे हैं।

