प्रयागराज : वकील को थाने में इतना पीटा कि तबीयत बिगड़ी, भड़के वकीलों का हंगामा
प्रयागराज में पुलिस ने थाने में वकील को बंद करके पीटा। जब उसकी तबीयत बिगड़ गई तो सीएचसी ले जाकर एडमिट कर दिया। वकील के पूरे शरीर पर लाठी-डंडों से पीटने के निशान हैं। वकील से मारपीट का पता चलते ही साथी वकील थाने पहुंच गए।
वहां जमकर हंगामा किया। साथी वकील करीब 15 घंटे से धरने पर बैठे हैं। आरोपी दरोगा के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे सस्पेंड करने की मांग कर रहे हैं। मामला यमुनापार के औद्योगिक थाना क्षेत्र का है। घटना को लेकर ACP का कहना है कि दरोगा के दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वकील आदर्श मिश्रा गुरुवार रात कार से अपने नैनी स्थित घर जा रहे थे। रात के करीब 11 बज रहे थे। हाईवे पर ट्रकों की लाइन लगी थी। इस दौरान एक ट्रक से उनकी कार में टक्कर लग गई। गाड़ी टकराते ही आदर्श और ट्रक चालक में बहस शुरू हो गई।
नौबत यहां तक आ गई कि दोनों ओर से मारपीट होने लगी। इसी बीच झगड़े की सूचना किसी ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। पुलिस ने वकील और ट्रक ड्राइवर दोनों की बात सुनी। इसके बाद ट्रक ड्राइवर रजनीश उपाध्याय की एप्लिकेशन पर वकील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आदर्श को थाने में बैठा लिया। पूरी रात थाने में ही बंद रखा।गुरुवार सुबह आदर्श के साथी वकीलों को इसकी जानकारी हुई। वे थाने पहुंचे तो आदर्श बेसुध हालत में पड़ा था। इसके बाद साथी वकील उसे अस्पताल ले गए। वकीलों का कहना है कि पुलिस ने थाने में बंद करके आदर्श को पीटा। जब उसकी तबीयत बिगड़ गई तो सीएचसी ले गए। फिर वापस थाने में लाकर दरोगा ने पिटाई की।
आदर्श को बेसुध हालत में देखकर वकीलों ने थाने में जमकर हंगामा किया। रातभर वकील धरने पर थाने में बैठे रहे। पुलिस अफसरों ने उन्हें समझाने की कोशिश। लेकिन वे नहीं मानें।
वकीलों ने साथी की पिटाई के कई वीडियो दिखाए वकीलों ने थाने में मारपीट के बाद आदर्श के कई वीडियो भी जारी किए। इसमें उनके शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान दिख रहे हैं। वकीलों ने ये वीडियो पुलिस अफसरों को भी जांच के लिए सौंपा है। इसमें आदर्श के कंधे, पीठ, पेट, हाथ पर डंडे से पिटाई के निशान हैं।
वकीलों का आरोप है कि दरोगा संजीव उपाध्याय ने बंद करके इतना पीटा कि आदर्श बेसुध हो गए। थाने में मारपीट के बाद अफसरों ने दरोगा को थाने से हटा दिया।