प्री-मानसून बारिश 29 मई से 5 जून तक संभव: 90% भारत कवर करेगी
तेज गर्मी से जूझ रहे देश के 80-90% हिस्से में 29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश हो सकती है। यह बारिश इसलिए अहम है, क्योंकि मानसून अभी केरल नहीं पहुंचा है। यहां 14 तय स्टेशनों में लगातार दो दिन 2.5 mm बारिश होने पर मानसून पहुंचने का ऐलान किया जाता है।
मौसम विभाग ने 26 मई को मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन यहां नमी कमजोर होने से मानसून आगे नहीं बढ़ पाया है। वहीं, दक्षिण-मध्य अरब सागर में चक्रवाती सर्कुलेशन से भी बादल कमजोर हुए हैं।
यूरोप की मौसम एजेंसी यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स ने सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय डेटा को मिलाकर भारत में 15 दिनों की बारिश का पूर्वानुमान निकाला है। इसमें अगले 8 दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी के इलाकों में ज्यादा बारिश के संकेत हैं। उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर मंगलवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 47.4°C पहुंच गया। लगातार नवें दिन यहां तापमान 47°C के पार पहुंचा। बांदा के अलावा उत्तर प्रदेश के पांच और जिलों में तापमान 45°C से ज्यादा रहा, इनमें उरई 45.8°C, झांसी 45.5°C, प्रयागराज 45.4°C, आगरा 45.3°C और हमीरपुर 45.2°C शामिल हैं।
राजस्थान का श्रीगंगानगर 47°C तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। बीकानेर और फलोदी में अधिकतम तापमान 46°C रहा। जैसलमेर में 45.6°C और कोटा में 45.4°C रहा। जयपुर में भी 43.2°C था।
महाराष्ट्र के कई जिलों में भी तापमान 45°C से ऊपर पहुंच गया। ब्रह्मपुरी में पारा 46.6°C पहुंचा, जो सामान्य से 3.5°C था। इसके अलावा चंद्रपुर में 46.4°C, वर्धा में 46°C, नागपुर के सोनेगांव में 45.5°C और गोंदिया में 45.2°C रहा।
हरियाणा में सिरसा 46°C, रोहतक में 45.6°C और पंजाब के बठिंडा में 45.8 तक पहुंचा। दिल्ली में भी अधिकतम तापमान 43.5°C रहा, जो सामान्य से 3.1°C ज्यादा था।
28 मई
- छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और यूपी में हीटवेव का अलर्ट है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में गर्मी रहेगी।
- गुजरात और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
- हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब में ओले गिरने के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट।
- बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, पंजाब, यूपी समेत कई राज्यों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना।
29 मई
- राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर जारी रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और मध्य भारत के कई इलाकों में गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
- गुजरात और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
- हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी और कुछ जगह ओले गिरने का अलर्ट है। कई इलाकों में तापमान 3°C से 7°C तक गिर सकता है।
- बिहार, पश्चिम बंगाल, यूपी, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगह हल्की बारिश की संभावना है।

