Politics

राम मंदिर चोरी- अयोध्या पहुंचे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष नजरबंद, कई कांग्रेस नेता हाउस अरेस्ट

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर सियासत तेज हो गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने सोमवार देर रात 11.30 बजे अयोध्या के एक होटल में नजरबंद कर दिया। थोड़ी देर बाद उन्हें कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस ले गई।

कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पूनिया और उज्जवल रमण सिंह को हाउस अरेस्ट किया गया है। अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस डेलिगेशन चढ़ावा चोरी का विरोध करने पहुंचा था। उन्होंने आज यानी मंगलवार को ट्रस्ट कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था।

इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहर 12.30 बजे राम जन्मभूमि मंदिर कूच किया। पुलिस ने मंदिर से एक किलोमीटर पहले टेढ़ी बाजार में उन्हें रोक दिया। इससे कार्यकर्ता भड़क गए। धक्का-मुक्की करने लगे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हिरासत में लिया। घसीट-घसीटकर गाड़ी में भरा।

इससे पहले, अजय राय की पत्नी रीना राय ने वाराणसी से एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा- मेरे पति की आवाज दबाने के लिए भाजपा सरकार किसी भी हद तक गिर सकती है। पुलिस जीप में ले जाने के बाद हमारे सहयोगियों को गलत जानकारियां देकर भटकाया जा रहा है। ‘चढ़ावा चोरों’ के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। अगर मेरे पति को कुछ भी होता है, तो जिम्मेदारी अधर्मी भाजपा सरकार की होगी।

  • राम मंदिर में 17 साल से तैनात रेडियो ऑपरेशन अधिकारी (RMO) अर्जुन देव का ट्रांसफर हो गया। उन्हें गोरखपुर भेजा गया है। SIT ने उनकी भूमिका को जांच के दायरे में लिया है। चढ़ावे की गिनती वाले काउंटिंग रूम के CCTV और राम मंदिर के 1600 कैमरों की निगरानी की जिम्मेदारी उनके पास थी।
  • सूत्रों के मुताबिक, SIT रिपोर्ट में अर्जुन की 17 साल से अयोध्या में तैनाती और ट्रस्ट के कामों में दखल का जिक्र है। रामलला जब टेंट में थे, तब भी अर्जुन CCTV का काम देखते थे। वह 2009 से अयोध्या में तैनात हैं। इस दौरान कई बार ट्रांसफर के आदेश जारी हुए, लेकिन हर बार ट्रांसफर रुक गया। हाल ही में लखनऊ ट्रांसफर का आदेश भी निरस्त कर दिया गया था।
  • चंपत राय से रविवार को पुलिस ने करीब 3 घंटे पूछताछ की। पूछा कि उन्हें चढ़ावा चोरी का पता पहली बार कब और कैसे लगा। उसके बाद क्या-क्या किया। इससे पहले, कोर्ट ने सोमवार को चढ़ावा चोरी में गिरफ्तार 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ा दी। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने SIT से फाइनल रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपने को कहा है।
  • चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। यूपी सरकार ने 13 जून को SIT बनाई। 25 जून को FIR हुई। रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी दिन मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया।

सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी मंगलवार को मंडल कारागार पहुंचे। उन्होंने आरोपी अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडे से पूछताछ की। सीओ दोपहर करीब 2 बजे कारागार के अंदर गए और शाम 4 बजे बाहर आए। इस दौरान आरोपी से 5 जून को बरामद 20 लाख रुपये और गहनों को लेकर सवाल-जवाब किए गए।

पुलिस विवेचना के तहत जांच टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। आरोपियों के बयानों का सत्यापन भी किया जा रहा है। कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर तानाशाही और दोहरे रवैये का आरोप लगाया है।

अजय राय ने कहा कि मुझे आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस के कमरे के अंदर बंद कर दिया गया है। उन्हें प्रभु श्रीराम के दर्शन करने से रोका जा रहा है। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

एक तरफ गैर-कांग्रेसी नेताओं को बुलाकर VIP दर्शन कराए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें और कांग्रेस के अन्य नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। बिना मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के दर्शन किए वे वापस नहीं जाएंगे।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *