Politics

यूपी : प्रधानों का कार्यकाल खत्म होगा, प्रशासनिक समिति के हाथ आएगी कमान

यूपी की 57 हजार 695 ग्राम पंचायतों में प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हो जाएगा। लेकिन, पंचायत चुनाव कब होंगे? यह अभी तय नहीं है। ऐसे में पंचायतीराज विभाग ने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने के बाद कामकाज संभालने के लिए प्रशासक की नियुक्ति या प्रशासनिक समिति के गठन का प्रस्ताव कैबिनेट को भेजा है।

कुछ दिनों में प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। हालांकि, करीब दो महीने पहले भास्कर को दिए इंटरव्यू में पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा था कि 12 जुलाई तक पंचायत चुनाव हो जाएंगे।

पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित सिंह कहते हैं- ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने का कोई प्रावधान नहीं है। शासन स्तर से प्रशासक की नियुक्ति होगी। पंचायतों के ‘ग्राम पंचायत सहायक’ को ही ‘प्रशासक’ नियुक्त करने का प्रावधान है। जब तक चुनाव नहीं होते तब तक प्रशासक ही ग्राम पंचायत का कामकाज संभालता है।

राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह कहते हैं- संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने 20 अप्रैल को सीएम योगी से मुलाकात करके प्रशासनिक समिति गठित करने की मांग की थी। 16 मई को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मुलाकात कर उनके सामने भी यही मांग रखी थी।

संगठन के उपाध्यक्ष ललित कुमार शर्मा बताते हैं- पंचायत चुनाव समय पर न होने पर राज्य सरकार या जिलाधिकारी, पंचायतीराज एक्ट 1947 की धारा- 12 की उपधारा 3A के तहत प्रशासक या प्रशासनिक समिति गठित कर सकते हैं। प्रशासनिक समिति में ग्राम प्रधान या सरकार की ओर से निर्धारित अध्यक्ष होते हैं। वहीं, ग्राम प्रधान समेत पंचायत के वार्ड सदस्य, ग्राम पंचायत सहायक को सदस्य नियुक्त किया जाता है।

  • सरकारी अधिकारी के प्रशासक नियुक्त होने से वित्तीय अनियमितता की आशंका बढ़ती है। 2021 में प्रशासकों ने चार हजार करोड़ रुपए खर्च किए, लेकिन उसका हिसाब-किताब नहीं मिला।
  • प्रशासक उस ग्राम पंचायत का निवासी नहीं होता है। इसलिए बाहरी व्यक्ति को क्षेत्र के सामाजिक ताने-बाने का पता नहीं होता। अगर किसी की बेटी की शादी है तो ग्राम प्रधान 50 हजार रुपए दे सकते हैं। लेकिन, प्रशासक यह काम नहीं करते हैं।
  • चुनाव के दौरान भी ग्राम प्रधान आपसी समन्वय से शांति व्यवस्था बनाने, मतदान बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं, लेकिन प्रशासक का लोगों से उतना गहरा संबंध नहीं होता है।
Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *