Crime News

BBD यूनिवर्सिटी में मेस के खाने को लेकर बवाल:छात्रों ने आधी रात किया हंगामा

लखनऊ की BBD यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को आधी रात मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। बीटेक और बीसीए के छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विरोध किया। आरोप है कि शिकायत करने पर वार्डन ने छात्रों से अभद्रता और मारपीट की, जिसके बाद आक्रोश बढ़ा।

घटना सीएमडी ब्लॉक की बताई जा रही है। छात्रों के मुताबिक, मेस में परोसा गया खाना खराब था। इसे लेकर जब उन्होंने शिकायत की तो ब्लॉक हेड शुभम प्रताप सिंह ने कथित तौर पर कहा कि यही खाना खाना पड़ेगा। छात्रों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ वार्डन ने हाथापाई भी की। छात्रों ने कहा कि वे बाहर से सब्जी मंगाकर खाना खा लेंगे, लेकिन खराब भोजन नहीं खाएंगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित छात्र लखनऊ-अयोध्या हाईवे की ओर बढ़े और जाम लगाने की कोशिश की।

करीब आधे घंटे तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद मामला नियंत्रित हो सका। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्रों ने करीब 12:30 बजे प्रदर्शन समाप्त किया। बीबीडी थाने के इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि मामले में अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि एक छात्र ने बाहर से नॉनवेज मंगवाया था। वह मेस से रोटी ले आया और अपने हॉस्टल रूम में खा रहा था। इसकी सूचना वार्डन तक पहुंच गई। वार्डन ने उसे अपने कार्यालय बुलाया। वहां उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद छात्रों का आक्रोश बढ़ गया।

बीबीडी छात्रों के हंगामे के मामले में 25 पुलिसकर्मियों के खिलाफ रपट लिखी गई है। सूचना मिलने के बावजूद थाने में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इसके बाद जब उच्चाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां बीबीडी थाने से कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए 20 से अधिक पुलिसकर्मियों की रपट लिखवा दी।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि एडीसीपी अमोक मुर्कुट ने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ रपट दर्ज कराई है। सभी पुलिसकर्मियों से जवाब तलब किया जाएगा। उनके स्पष्टीकरण से संतुष्ट न होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *