मेरठ में सफाई कर्मचारियों ने मांगा 783 रुपये दैनिक वेतन
मेरठ में स्थानीय निकायों के आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने दीपावली से पहले वेतन वृद्धि लागू करने की मांग उठाई है। कर्मचारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री की अप्रैल 2026 में दैनिक वेतन 783 रुपये करने की घोषणा के बावजूद आज तक इसका लाभ नहीं मिला। कम वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है, इसलिए त्योहार से पहले आदेश जारी कर राहत देने की मांग की गई है।
भारतीय संविदा आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अप्रैल 2026 में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों का दैनिक वेतन 783 रुपये किए जाने की घोषणा की थी, लेकिन संबंधित विभागों ने अब तक इस निर्णय को लागू नहीं किया। संघ का आरोप है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद कर्मचारी पुराने वेतन पर ही काम करने को मजबूर हैं।
दीपावली से पहले राहत देने की मांग
कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि दीपावली से पहले वेतन वृद्धि का शासनादेश जारी कर घोषणा को तत्काल प्रभाव से लागू कराया जाए। उनका कहना है कि इससे प्रदेश के हजारों आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और वे त्योहार बेहतर ढंग से मना सकेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ अध्यक्ष दिनेश सूद के साथ राघव, दीपक मनोठिया, कैलाश चंदोला, दिनेश लौहरे, नवीन गहरा, राजन पिवाल, रविंद्र बैरागी, मधु चौधरी, अरुण चिनाय, पवन राजोरिया, अमित जाहिदपुर, विनय कसेरू खेड़ा, नरेश तंवर, शिव कुमार चिंडालिया, संदीप मेहरा और नवीन बरेदिया सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

