यूपी में भीषण गर्मी, डिप्टी सीएम बोले-धूप में मत निकलिए
यूपी 4-5 दिन से भीषण गर्मी की चपेट में है। मंगलवार को बांदा का पारा सीजन में पहली बार 48.2°C रिकॉर्ड किया गया। यह देश का सबसे गर्म और दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। इससे पहले, 2022 में बांदा का तापमान 49.2°C तक पहुंच गया था। संभावना है कि अगले कुछ दिनों में 4 साल पुराना रिकॉर्ड टूट सकता है।
बुधवार को यूपी के ज्यादातर शहरों में सुबह से तेज धूप निकली है। दोपहर 2.30 बजे बांदा में पारा 46.6°C पहुंच गया। झांसी में पारा 44°C, प्रयागराज में 43°C, लखनऊ में 42°C और मेरठ में 40°C के पार पहुंच गया। गर्मी से लोग बेहाल हैं। गोरखपुर चिड़ियाघर में दरियाई घोड़ा दिन में पानी से बाहर नहीं आ रहा है। लखनऊ चिड़ियाघर में पानी डालकर जानवरों को ठंडक पहुंचाई जा रही है।
आज प्रदेश के 53 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट है। इनमें 11 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। यानी यहां गर्म हवाओं की वजह से हालात गंभीर हो सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई के आखिरी हफ्ते या जून वाली गर्मी अभी से महसूस हो रही है। फिलहाल, 10 दिन तक भीषण गर्मी पड़ेगी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पतालों को पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की है कि जरूरी हो, तभी घर से निकलें।

