News

यूपी में प्री-मानसून की बारिश का सिलसिला शुरू, पेट्रोल-पंप की छत उड़ी

यूपी में प्री-मानसून की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार को गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर, गोंडा, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, फर्रुखाबाद, संभल, बिजनौर समेत 12 शहरों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। लेकिन, हवा में नमी की वजह से गर्मी से कुछ राहत है।

इससे पहले, बरेली में बुधवार देर रात 90 की रफ्तार से तूफान आया। जोरदार बारिश हुई। सड़कों पर करीब 2 फीट तक पानी भर गया। सैकड़ों पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग्स गिर गए। पेट्रोल पंप की पूरी छत उड़ गई। पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली के तारों पर गिर गईं। इससे पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। करीब 10 घंटे बाद बिजली सप्लाई बहाल की जा सकी।

मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में ओले और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, 24 घंटे के अंदर एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो जाएगा। इससे प्री-मानसून जोर पकड़ेगा। अगले तीन दिन तक मौसम का ऐसा ही मिजाज बना रहेगा।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो बुधवार सुबह नोएडा, गाजियाबाद और संभल में तेज हवा के साथ बारिश हुई। हालांकि, बाकी शहरों में तेज धूप निकली। आंधी-तूफान से चित्रकूट में 4.5 करोड़ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। इटावा में 100 की रफ्तार से आए तूफान में टिनशेड उड़कर महिला पर गिर गई। बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार रात आए तेज आंधी-तूफान के कारण दो अलग-अलग हादसे हो गए। एक हादसे में सोलर पैनल गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी घायल हो गई। दूसरी घटना में संत मनी आश्रम परिसर में पीपल का पेड़ गिरने से चार लोग घायल हो गए। फर्रुखाबाद में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदल गया। बिजली की गड़गड़ाहट और गरज-चमक के बीच हुई रिमझिम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुबह से छाए बादलों के बीच हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया।

पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल थे। रिमझिम बारिश की बूंदों ने तापमान में गिरावट लाते हुए लोगों को राहत पहुंचाई। बारिश शुरू होते ही लोग घरों और दुकानों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लेते नजर आए।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *