Live News

बुलंदशहर में CNG पंपों की हड़ताल स्थगित

Share News

बुलंदशहर, अडानी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) के फिलिंग स्टेशनों के संचालकों द्वारा कमीशन के भारी अंतर एवं अन्य समस्याओं को लेकर चार दिन तक चलाई गई हड़ताल आज सुबह समाप्त हो गई। अडानी कंपनी के अधिकारियों ने सीएनजी पंप संचालकों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगे एक महीने के अंदर पूरी कर दी जाएंगी।

अडानी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) के फिलिंग स्टेशनों के संचालकों एवं अडानी ग्रुप के अधिकारियों के बीच काफी देर तक वार्ता चली, जिस पर कंपनी के अधिकारियों ने पंप संचालकों को पूरा भरोसा दिलाया कि जो भी समस्याएं उन्हें जल्द ही दूर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

इसके लिए कंपनी के हाई मैनेजमेंट तक से वार्ता की जाएगी, लेकिन पंप संचालकों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। कंपनी के अधिकारियों की इस बात को सुन पंप संचालकों ने एक महीने के लिए हड़ताल स्थगित कर दी है।

अडानी गैस से जुड़े पंप संचालकों का साफ कहना है कि कंपनी के अधिकारियों द्वारा उन्हें एक महीने में समस्याओं का समाधान करने का जो आश्वासन मिला है, अगर उसमें कंपनी के अधिकारियों ने कोई झोल किया तो पंप संचालक दोबारा हड़ताल करने को मजबूर होंगे।

चार दिन बाद सीएनजी पंपों पर लौटी रौनक बुलंदशहर में सीएनजी पंपों की हड़ताल खत्म होने से जहां इन फिलिंग स्टेशनों पर एक बार फिर रौनक लौट आई है, वहीं इन पंपों से अपना रोजगार चलाने वालों के चेहरे भी खिल उठे हैं। इसके साथ ही सीएनजी वाहन चालक गैस भरवाने के लिए इन फिलिंग स्टेशन पर पहुंचने लगे।

जनप्रतिनिधि और प्रशासन का रहा उदासीन रवैया जनप्रतिनिधि और प्रशासन मामले में चुप्पी साधे रहे हैं जो सवाल खड़ा कर रहा है। अगर जनप्रतिनिधि इन सीएनजी पंप मालिकों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए अपनी ओर से पहल करते तो ये हड़ताल इतनी लंबी नहीं खिंचती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *