आगरा में भाभी को देख वरमाला फेंक भागा दूल्हा
आगरा में जयमाल के दौरान एक महिला को देखकर दूल्हा वरमाला फेंककर स्टेज से भाग गया। दरअसल, 4 गाड़ियों से बारात में अचानक एक महिला पहुंच गई। कहने लगी- दूल्हा मेरा पति है। महिला हंगामा करने लगी, तो दूल्हे का बड़ा भाई सामने आ गया।
कहानी में ट्विस्ट उस समय आया, जब दूल्हे के बड़े भाई ने दावा किया कि महिला उसकी पत्नी है। वह दूल्हे की भाभी है। मेरी पत्नी का छोटे भाई (देवर) से कई साल से अफेयर चल रहा है। पत्नी मुझे छोड़कर मेरे छोटे भाई से शादी करना चाहती है।
करीब 2 घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान अधिकतर बाराती भाग गए। उधर, लड़की वालों को कुछ सूझ नहीं रहा था। शादी के जोड़े में लड़की देर रात तक बैठी रही। आखिर में में उसके घरवालों ने वहां मौजूद एक युवक से बेटी की शादी करा दी।
शुक्रवार रात का यह मामला शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर एत्मादपुर का है। पुलिस ने दूल्हे के पिता और भाई को हिरासत में लिया है। बारात फिरोजबाद के टूंडला से आई थी।
एत्मादपुर के एक मैरिज हॉल में शुक्रवार रात को फिरोजाबाद से एक बारात आई थी। टूंडला के मंगलम सिटी के रहने वाले जितेंद्र बघेल अपनी बारात लेकर पहुंचे थे। शादी की रस्में चल रही थीं। लग्नी और पक्की की रस्म के बाद वरमाला की तैयारियां चल रही थी।
दूल्हा और दूल्हन स्टेज पर पहुंच चुके थे। दोनों के हाथों में वरमालाएं थीं। दूल्हा-दुल्हन एक दूसरे को वरमाला पहनाते, इसके पहले एक महिला कुछ लोगों के साथ 4 गाड़ियों से पहुंची। महिला जैसे ही स्टेज की ओर बढ़ी, दूल्हे की नजर उस पर पड़ी।
वह वरमाला फेंका और स्टेज से भाग खड़ा हुआ। इतने में महिला स्टेज के पास पहुंच गई। हंगामा करते हुए उसने कहा- यह मेरा पति है। महिला के चिल्लाकर इतना कहते ही बाराती-घराती सन्न रह गए।
डीजे बंद कर दिया गया, डांस करने वालों के थिरक रहे पैर थम गए। देखते ही देखते महिला के साथ आए लोगों और कुछ बरातियों में कहासुनी होने लगी। महिला लगातार कहे जा रही थी कि दूल्हा जितेंद्र उसका पति है।
इतने में परिजन ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस पहुंची। दूल्हे के भाई और पिता को हिरासत में लेकर थाने लेकर पहुंची। दूल्हे का भाई बोला- महिला मेरी पत्नी
थाने पहुंचने के बाद कहानी में दूसरा ट्वीस्ट आया। पुलिस के सामने दूल्हे के भाई नेम सिंह ने दावा किया कि महिला उसकी पत्नी है। दोनों की शादी 2018 में हुई थी। लेकिन देवर-भाभी का कई साल से अफेयर चल रहा है।
भाई ने दावा किया कि पत्नी उसपर नपुंसक होने का आरोप लगाती है और मेरे भाई से शादी करना चाहती है।
लड़की के घरवालों ने शादी में आए एक युवक से कर दी शादी
दूल्हे के परिवार के इस विवाद के दौरान शादी समारोह में सन्नाटा पसर गया। दूल्हा और दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों के बीच बातचीत हुई। तय हुआ कि यह शादी नहीं होगी। इसके बाद दुल्हन की शादी इसी समारोह में मौजूद दूसरे युवक से कर दी गई। वह दुल्हन पक्ष का जानने वाला था। शादी की यह रस्म उसी परिसर में अलग स्थान पर सादगी से हुई।
थाना प्रभारी बोले-दुल्हन पक्ष ने शिकायत नहीं की एत्मादपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया-महिला की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। महिला ने दूल्हे की दूसरी शादी का आरोप लगाया। दूल्हा मौके से भाग चुका था। दूल्हा के पिता और भाई को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दुल्हन पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की है।

