यूपी में इस साल होगी 100000 पुलिसवालों की भर्ती..
लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस साल पुलिस विभाग में एक लाख नए कर्मियों की भर्ती का बड़ा ऐलान किया है. इस भर्ती अभियान के तहत सब-इंस्पेक्टर, सिविल पुलिस कांस्टेबल, होमगार्ड और अन्य विभिन्न श्रेणियों के पद भरे जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी.
यूपी पुलिस दूरसंचार विभाग नियुक्ति पत्र कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 9 वर्ष के अंदर अकेले उत्तर प्रदेश ने अबतक 2 लाख 19 हजार और इस भर्ती को जोड़ दें तो 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिस कार्मिकों की भर्ती सफलतापूर्वक संपन्न की है. देश मे आप देखेंगे तो 2 लाख 20 हजार पुलिस की स्ट्रेंथ बहुत से राज्यों की नहीं होगी, लेकिन देश ही नही,दुनिया के सबसे बड़े सिविल पुलिस का भाग बनने व उसके दूरसंचार शाखा के माध्यम से 25 करोड़ की आबादी का सेवा प्राप्त हुआ है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में आप मे से किसी को सिफारिश कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी होगी. न कोई सिफारिश, न कोई पैसा, आपकी योग्यता, आपकी क्षमता, आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए पूरी भर्ती प्रक्रिया को सम्पन्न किया गया. परिणाम हम सबके सामने है कि आज आपका चयन हुआ है. इसके बाद आप ट्रेनिंग में जाएंगे.
सशक्त कानून-व्यवस्था विकास की पहली गारंटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त कानून-व्यवस्था विकास की पहली गारंटी है. उन्होंने बताया कि पुलिस बल ने पिछले वर्षों में प्रदेश को गुंडा-माफिया मुक्त वातावरण बनाने में अहम भूमिका निभाई है. इसी वजह से देश-विदेश के बड़े निवेशक अब उत्तर प्रदेश की ओर रुख कर रहे हैं. योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि पुलिस की क्षमता बढ़ाने से राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी.
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष इन लगभग एक लाख पदों पर भर्ती पूरी कर लेगा. भर्ती परीक्षाएं विभिन्न शिफ्टों में आयोजित की जाएंगी, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके. पिछले वर्ष 60,244 कांस्टेबलों की भर्ती सफलतापूर्वक की गई थी, जिसमें करीब 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित थे. हाल ही में इनकी ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है और जल्द ही उन्हें विभिन्न थानों में तैनात किया जाएगा.

