नोएडा में तीन लोगों से 76 लाख की ठगी
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन निवेश और शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर महिला समेत तीन लोगों से 76 लाख 28 हजार 335 रुपए ठग लिए गए।
पीड़ितों को वाट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर शेयर और आईपीओ में निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई गई। बाद में रकम निकालने पर कभी अतिरिक्त पैसे मांगे गए तो कभी अकाउंट लॉक कर दिया गया।
साइबर क्राइम थाने में शनिवार को तीनों मामलों में शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
नोएडा निवासी 50 वर्षीय सौरिन चंद्र बुरागोहेन ने बताया कि उन्हें वाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में आईपीओ और प्री-आईपीओ शेयरों में निवेश पर अच्छा मुनाफा देने का दावा किया गया। इसके बाद उन्हें एक एआई ऐप पर निवेश करने के लिए कहा गया।
पीड़ित के मुताबिक उन्होंने 8 हजार प्री-आईपीओ शेयर खरीदने के लिए 6 लाख रुपए लगाए। इसके बाद ऐप में उनके खाते में 32 हजार शेयर ट्रांसफर दिखाए गए। उनसे 18 लाख रुपए और जमा करने को कहा गया। शक होने पर उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की।
उनका कहना है कि करीब 12 हजार रुपए वापस मिले, जबकि साइबर कार्रवाई के बाद करीब 4 लाख रुपए होल्ड कराए गए हैं। यह रकम अभी उनके खाते में वापस नहीं आई है।
केस-2: महिला से 8.40 लाख रुपए ठगे
बरौला निवासी 38 वर्षीय आकांक्षा बाजपेई ने बताया कि 27 जुलाई 2025 को उनके साथ वित्तीय धोखाधड़ी हुई। उनके मुताबिक अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 8 लाख 40 हजार 235 रुपए ट्रांसफर कराए गए।
उन्होंने साइबर क्राइम वेबसाइट पर शिकायत करने के बाद एफआईआर दर्ज कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
केस-3: 61.88 लाख जमा कराने के बाद अकाउंट लॉक
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-1 निवासी 52 वर्षीय शैलेश कुमार ने बताया कि उन्हें बिना अनुमति टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में रोजाना ट्रेडिंग से भारी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाए जाते थे। इसके बाद उन्होंने वर्षा कैपिटल ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराया।
शिकायत के मुताबिक जुलाई-अगस्त 2026 के दौरान उन्होंने अलग-अलग खातों में कुल 61 लाख 88 हजार 100 रुपए जमा किए। बाद में रकम निकालने के लिए आवेदन किया तो उनसे 12 प्रतिशत अतिरिक्त रकम जमा करने को कहा गया। शक होने पर उन्होंने पैसे देने से इनकार किया। इसके बाद उनका ऐप अकाउंट लॉक कर दिया गया।
पुलिस तीनों मामलों में रकम ट्रांसफर किए गए खातों और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

