Twisha Sharma Case: समर्थ सिंह अरेस्ट
भोपाल. ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी उसके पति समर्थ सिंह को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि घटना के 10-11 दिन बाद भी ट्विशा के शव का न तो अंतिम संस्कार हो सका है और न ही दोबारा पोस्टमॉर्टम किया जा सका है. अब समर्थ के गिरफ्तार होने के बाद अब पुलिस उसे रिमांड पर लेगी और जल्द खुलासे करेगी. इस पूरे मामले में मध्य प्रदेश पुलिस की जमकर किरकिरी हो चुकी है. पोस्टमॉर्टम के दौरान फंदे वाली बेल्ट उपलब्ध ना कराने की पुलिस की चूक सामने आई थी. अब शायद पुलिस अपनी साख बचाने के लिए सही ढंग से कार्रवाई करे. बीते दिनों में घटनाक्रम तेजी से बदला और एक समय जहां समर्थ सिंह और उसकी पूर्व जज गिरिबाला हावी दिख रहे थे, तो अब दोनों ही बड़ी मुश्किल में हैं. 30 हजार के इनामी समर्थ को सरेंडर करना पड़ा तो उसकी मां की अग्रिम जमानत पर भी तलवार लटक रही है. सोमवार को अग्रिम जमानत मामले की हाई कोर्ट में सुनवाई होनी है.
ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है. 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में 33 वर्षीय एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा की मौत हो गई थी. ऐसा बताया गया कि का शव फांसी पर लटका मिला. मायके पक्ष ने इसे हत्या करार देते हुए पति समर्थ सिंह और सास (रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह) पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया. वहीं ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बता रहे थे. शादी को महज साढ़े चार महीने ही हुए थे इसलिए संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए. मायके पक्ष ने भोपाल एम्स में हुए पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए और कई कमियां गिनाईं. साथ ही भोपाल पुलिस, भोपाल कानून व्यवस्था और जांच पर सवाल उठाए और भोपाल से बाहर जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की थी. पहले तो इस मामले में पुलिस का रवैया सुस्त था, लेकिन जैसे ही इसमें मीडिया का दखल बढ़ा तो फिर घटनाक्रम बदलने लगा.
इस मामले में अब हाईकोर्ट ने दिल्ली AIIMS की टीम से दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए हैं और राज्य सरकार ने CBI जांच की सिफारिश कर दी है. पहले भोपाल पुलिस ने आरोपी पति समर्थ सिंह को गिरफ्तार नहीं किया था और ना ही आरोपी सास से सवाल-जबाव कर पाई थी. हालांकि हाई कोर्ट में मामले के पहुंचते ही समर्थ ने 22 मई को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर किया और फिर भोपाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
ट्विशा शर्मा मौत केस: अब तक का पूरा घटनाक्रम
12 मई: संदिग्ध मौत की शुरुआत – भोपाल के कटारा हिल्स में ट्विशा का शव घर में फांसी पर मिला. शुरुआती पोस्टमॉर्टम में लिगेचर मार्क्स मिले. परिवार ने शव पर चोट के निशान बताए. पति समर्थ सिंह घटना के तुरंत बाद फरार हो गया.
13-14 मई: परिवार का आरोप और थाने में हंगामा – ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि बहन ने फोन पर प्रताड़ना की शिकायत की थी. परिवार ने महिला थाने पहुंचकर हंगामा किया. हत्या और सबूत मिटाने के आरोप लगाए. शव लेने से इनकार कर दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की.
16 मई: सीएम हाउस प्रदर्शन – पिता नवनिधि शर्मा ने सीएम हाउस के सामने प्रदर्शन किया. परिवार ने न्यायिक रसूख का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच पर सवाल उठाए.
18 मई: सास गिरीबाला सिंह का बयान और वीडियो वायरल- रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह ने मीडिया में ट्विशा को ड्रग एडिक्ट बताया और स्वेच्छा गर्भपात का दावा किया. ट्विशा के छत पर जाते CCTV वीडियो और वॉट्सएप चैट (“मुझे बहुत घुटन हो रही है मां…”) वायरल हुईं.
20 मई: सीएम से मुलाकात और CBI की सिफारिश – पिता नवनिधि शर्मा ने सीएम मोहन यादव से मुलाकात की. सीएम ने CBI जांच का आश्वासन दिया. राज्य सरकार ने केंद्र को पत्र लिखा.
22 मई: समर्थ सिंह गिरफ्तार – समर्थ ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया. भोपाल पुलिस ने तुरंत अरेस्ट कर लिया. पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदले गए. बार काउंसिल ने वकालत लाइसेंस सस्पेंड कर दिया.
हाईकोर्ट का बड़ा फैसला- मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने दिल्ली AIIMS की टीम से भोपाल AIIMS में दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी.

