Dailynews

UP New Vidhan Sabha: लखनऊ के सहारा शहर में बनेगा नया विधानभवन, टेंडर जारी

लखनऊ. राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की 245 एकड़ जमीन पर नया विधानभवन कॉम्प्लेक्स बनेगा. लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है. लखनऊ विकास प्राधिकरण ने डिजाइन और प्लानिंग के लिए कंसल्टेंट व आर्किटेक्ट चयन का टेंडर जारी किया है. एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार के मुताबिक, इच्छुक कंपनियां 23 मई से 21 जून तक टेंडर के लिए आवेदन कर सकेंगी. कुल 245 एकड़ प्रस्तावित जमीन में से 170 एकड़ नगर निगम की और 75 एकड़ एलडीए के स्वामित्व की है.

यह वही जमीन है जिसे नगर निगम ने 1994 में सहारा इंडिया को 30 साल की लीज पर दिया था, जो पिछले साल खत्म हो गई. लीज की शर्तों के उल्लंघन और अवधि पूरी होने के बाद नगर निगम व एलडीए ने जमीन वापस अपने कब्जे में ले ली थी. कंसल्टेंट का चयन होने के बाद प्रोजेक्ट की विस्तृत कार्य योजना और कुल निर्माण लागत तय की जाएगी.

बता दें कि योगी सरकार ने नए विधानसभा भवन के लिए बजट 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है. नया कॉम्प्लेक्स भविष्य में परिसीमन के बाद बढ़ने वाली विधायकों की संख्या को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा. परिसर में विधानसभा के अलावा विधान परिषद, मंत्रियों के चैंबर, आधुनिक सुविधाएं, पार्किंग, ग्रीन एरिया और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किए जाने की योजना है.

नई विधानसभा दिल्ली की सेंट्रल विस्टा की तर्ज पर तैयार की जाएगी. यह हाईटेक परिसर लखनऊ को एक नई पहचान देने के साथ ही राज्य की विधायी व्यवस्था को आधुनिक और विस्तार योग्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. मौजूदा विधानसभा शहर के बीचों बीच हजरतगंज में स्थित है. सदन की कार्यवाही के दौरान जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है. अब नई विधानसभा का परिसर गोमती नगर में बनेगा. यह क्षेत्र बेहतर कनेक्टिविटी और लोकेशन के कारण परिसर निर्माण के लिए आदर्श स्थान साबित होगा.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *