News

नोएडा में 49 मोबाइल के साथ 2 शातिर चोर गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 49 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। दोनों आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों की जेब से मोबाइल उड़ाकर फरार हो जाते थे। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

एडिशनल डीसीपी मनीष सिंह ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे पीसी कर बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सेक्टर-18 के सामने स्थित एक पार्क के पास से विक्की और आसिफ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की जेब से मोबाइल चोरी करते थे। वारदात के बाद वे तुरंत वहां से निकल जाते थे, जिससे लोगों को काफी देर बाद चोरी का पता चलता था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विक्की टैक्सी चालक है, जबकि आसिफ कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता है।

दो चोरी कबूली

बरामद 49 मोबाइल फोन में एक वीवो कंपनी का मोबाइल थाना सेक्टर-24 में दर्ज मुकदमा संख्या 253/2026 से संबंधित मिला है। वहीं आरोपियों ने थाना सेक्टर-20 में दर्ज मुकदमा संख्या 213/2026 के तहत हुई मोबाइल चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

मोबाइल मालिकों को लौटाए जाएंगे फोन

पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके मालिकों को सौंप दिए जाएंगे। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *