google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
News

उन्नाव : महिला दरोगा ने बुजुर्ग से कहा- तुम्हारे बाप के नौकर नहीं है, इतने जूता लगाएंगे की शक्ल भूल जाओगी

इतना जूता लगाएंगे की शक्ल भूल जाओगी। तुम्हारे बाप के नौकर नहीं है समझ गई तुम। उन्नाव सदर कोतवाली की महिला दरोगा उमा अग्रवाल ने बुजुर्ग महिला को अंगुली दिखाते हुए धमकी दी। महिला दरोगा डकौली गांव में एक मुकदमे से जुड़ा नोटिस तामील कराने पहुंची थीं।

इस दौरान किसी ने महिला दरोगा का वीडियो बना लिया। मामला एसपी जयप्रकाश सिंह तक पहुंचा तो उन्होंने सीओ दीपक यादव को जांच सौंप दी। कहा- जांच रिपोर्ट के आधार पर महिला दरोगा पर एक्शन लेंगे। घटना 30 अक्टूबर की है।

बंदूहार गांव की रहने वाली रिंकी ने डकौली गांव में रहने वाले अपने पति अमित कुमार, सास छेदाना, ससुर प्रेम, देवर विशाल और ननद पूनम पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने की FIR करवाई। उमा अग्रवाल इसी की जांच करने के लिए 28 नवंबर की शाम रिंकी के साथ डकौली गांव पहुंचीं थीं। वहां रिंकी की सास छेदाना देवी (60) और उमा अग्रवाल के बीच बहस हो गई।

छेदाना देवी ने कहा- पुलिस वाले बार-बार परेशान कर रहे थे। एक कागज पर साइन करने के लिए कह रहे थे। मैंने मना किया तो पुलिस मैडम भड़क गईं। कहा- इतना जूता लगाएंगे की शक्ल भूल जाओगी।

वहीं, पुलिस का कहना है कि जब SI उमा अग्रवाल वहां कार्रवाई के लिए गई थीं तो लोग आक्रोशित हो गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। मुकदमे के प्रतिवादियों ने वादिनी रिंकी पर हमला करने की भी कोशिश भी की। ऐसी स्थिति में मौके पर हंगामा बढ़ते देख SI उमा अग्रवाल ने प्रतिवादियों को डांट-फटकार कर शांत कराया।

कोतवाली पुलिस ने कहा है कि वीडियो पूरे घटनाक्रम को नहीं दिखाता, बल्कि केवल एक छोटा हिस्सा रिकॉर्ड किया गया है। डकौली गांव में किसी प्रकार की अभद्रता या अनावश्यक दबाव बनाने का उद्देश्य नहीं था, बल्कि मुकदमे से जुड़े लोगों को शांत कराना आवश्यक हो गया था।

एसपी जयप्रकाश सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए की जांच नगर क्षेत्राधिकारी दीपक यादव को सौंप दी है। कहा- जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा- जांच निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित होगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की है कि SI उमा अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया जाए और बुजुर्ग महिला से किए गए दुर्व्यवहार पर माफी दिलाई जाए। उन्नाव के सदर कोतवाली में तैनात महिला दरोगा उमा अग्रवाल 2 साल पहले रायबरेली जनपद से ट्रांसफर होकर उन्नाव आई थीं। जिसके बाद उन्हें शहर कोतवाली की काशीराम और फिर मगरवारा पुलिस चौकी में चौकी इंचार्ज पद पर तैनाती मिली। एक प्रकरण में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस लाइन कर दिया गया। इसके बाद सदर कोतवाली में उन्हें इसी साल मार्च में फिर से तैनाती मिली।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *