Dailynews

UP Scholarship 2026: कक्षा 9 से 12 के छात्रों के लिए आवेदन शुरू

UP Scholarship 2026: उत्तर प्रदेश के लाखों छात्रों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी बड़ी खबर है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यूपी स्कॉलरशिप का आवेदन शुरू हो गया है. कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले छात्र आज यानी 11 अगस्त 2026 से स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट scholarship.up.gov.in पर शुरू की गई है.इस बार छात्रों को आवेदन की तारीखों का खास ध्यान रखना होगा क्योंकि नए और पहले से स्कॉलरशिप पाने वाले छात्रों के लिए अलग-अलग समय सीमा तय की गई है. वहीं कक्षा 12 के बाद ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा और ITI जैसे कोर्स कर रहे छात्रों के लिए आवेदन की प्रक्रिया अलग होगी.

यूपी स्कॉलरशिप 2026-27 का शेड्यूल जारी

उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति योजना की आधिकारिक समय-सारिणी जारी की है. इसके लिए विभाग की ओर से 20 जुलाई 2026 को दो शासनादेश जारी किए गए थे. इनमें एक आदेश पूर्वदशम और दशमोत्तर इंटरमीडिएट यानी कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों की छात्रवृत्ति से जुड़ा है जबकि दूसरा आदेश कक्षा 12 के बाद की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति से संबंधित है.इन योजनाओं का लाभ सामान्य वर्ग,अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति,अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्रों को दिया जाता है.

अगर आप कक्षा 9, 10, 11 या 12 में पढ़ रहे हैं तो आपके लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है हालांकि नए और नवीनीकरण वाले छात्रों के लिए अंतिम तारीख अलग रखी गई है. कक्षा 10 और 12 के ऐसे छात्र जो पहले से स्कॉलरशिप प्राप्त कर रहे हैं उनके लिए रिन्यूअल यानी नवीनीकरण का आवेदन 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक किया जा सकेगा. ऑनलाइन आवेदन के बाद हार्ड कॉपी जमा करने की प्रक्रिया भी इसी अवधि में पूरी करनी होगी.वहीं कक्षा 9 और 11 के ऐसे छात्र जो पहली बार स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर रहे हैं उनके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 21 सितंबर 2026 है यानी नए छात्रों के पास आवेदन करने के लिए 11 अगस्त से 21 सितंबर तक का समय रहेगा.
छात्रों के आवेदन शुरू होने से पहले स्कूल स्तर पर भी कई जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं. स्कूलों की मास्टर डेटा तैयार करने की प्रक्रिया 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक चली थी.इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से स्कूलों का सत्यापन 23 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक किया गया. यह प्रक्रिया सीधे छात्रों से जुड़ी नहीं थी, लेकिन छात्रवृत्ति आवेदन शुरू करने के लिए इसे पूरा करना जरूरी था.यही वजह है कि 11 अगस्त से छात्रों के लिए आवेदन का पोर्टल खोल दिया गया है.
स्कॉलरशिप का फॉर्म भरने के बाद छात्रों का काम पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता. आवेदन की जांच और सत्यापन कई स्तरों पर किया जाता है. सबसे पहले स्कूल पात्र छात्रों के आवेदन की जांच करके उन्हें आगे भेजता है.इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक छात्रों की वास्तविक संख्या और संबंधित जानकारी का सत्यापन करता है.इसके बाद नेशनल इंफॉर्मेटिक्‍स सेंटर (National Informatics Centre)यानी NIC की तकनीकी टीम आवेदन के डेटा की जांच करती है और उसमें किसी तरह की गलती या गड़बड़ी की पहचान की जाती है.सभी जरूरी जांच पूरी होने के बाद जिला समिति सत्यापित सूची को अंतिम रूप देती है. इसके बाद पात्र छात्रों के बैंक खाते में छात्रवृत्ति की राशि सीधे ट्रांसफर की जाती है.

रिन्यूअल छात्रों को अक्टूबर में मिल सकता है पैसा

कक्षा 9 से 12 के रिन्यूअल छात्रों के लिए आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया अपेक्षाकृत जल्दी पूरी होगी. तय कार्यक्रम के मुताबिक इन छात्रों की छात्रवृत्ति की राशि 25 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 के बीच ट्रांसफर किए जाने की उम्मीद है.वहीं पहली बार आवेदन करने वाले यानी फ्रेश छात्रों की प्रक्रिया में अधिक सत्यापन होगा. ऐसे छात्रों के लिए छात्रवृत्ति की राशि 25 जनवरी से 31 जनवरी 2027 के बीच ट्रांसफर किए जाने की उम्मीद है.

कक्षा 12 के बाद पढ़ने वाले छात्रों के लिए अलग योजना

अगर आपने कक्षा 12 पास कर ली है और अब ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा, ITI या इसी तरह के किसी अन्य कोर्स में पढ़ाई कर रहे हैं तो आप दशमोत्तर छात्रवृत्ति के दायरे में आएंगे.इन छात्रों के लिए आवेदन की तारीख कक्षा 9 से 12 के छात्रों से अलग रखी गई है.दशमोत्तर छात्रवृत्ति के रिन्यूअल छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन और हार्ड कॉपी जमा करने की प्रक्रिया 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. वहीं पहली बार आवेदन करने वाले छात्रों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 15 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा.

कॉलेज और यूनिवर्सिटी भी पहले से तैयार करेंगे डेटा

दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए छात्रों के आवेदन शुरू होने से पहले कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर भी जरूरी तैयारी की जाएगी. संस्थानों की मास्टर डेटा तैयार करने की प्रक्रिया 22 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलेगी.इसके बाद संबंधित विश्वविद्यालय या संबद्ध एजेंसी की ओर से कोर्स फीस का सत्यापन 23 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक किया जाएगा.दशमोत्तर रिन्यूअल छात्रों के लिए छात्रवृत्ति की राशि 16 जनवरी से 25 जनवरी 2027 के बीच ट्रांसफर किए जाने की उम्मीद है. वहीं फ्रेश छात्रों के लिए भुगतान 27 जनवरी से 31 जनवरी 2027 के बीच होने की उम्मीद है.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *