Dailynews

यूपी : 44 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, 20 मई तक हीटवेव से राहत

Share News
5 / 100

यूपी के अलग-अलग हिस्सों में 4 दिन से बारिश हो रही है। रविवार शाम को ललितपुर और गाजीपुर में तेज बारिश हुई। गाजीपुर में कई स्थानों पर ओले भी गिरे। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि ओले गिरने से आम की फसलों को भी नुकसान हुआ है।

वहीं मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 44 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ओले भी गिरेंगे। 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी। प्रदेश में 20 मई तक गर्मी और हीटवेव से राहत रहेगी।

कल 6 जिलों में बारिश हुई। बरेली में सबसे अधिक 17 मिमी. रिकॉर्ड की गई। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, सहारनपुर और वाराणसी में भी बरसात हुई।

उत्तर भारत में अभी हीटवेव नहीं चलेगी। इसका असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ेगा। 20 मई के बाद कहीं-कहीं हीटवेव चलेगी। वहीं प्रदेश में झांसी लगातार तीसरे दिन सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.9℃ दर्ज किया गया। वहीं बरेली की रात सबसे ठंडी रही। बारिश के कारण दिन का तापमान 7 डिग्री तक गिरा। रात का तापमान 4 डिग्री गिरकर 20.4 डिग्री दर्ज किया गया।

CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. सुनील पांडेय ने बताया, आंधी-बारिश ने चिलचिलाती गर्मी से राहत पहुंचाई है। मौसम प्रणाली के कारण हरियाणा, दिल्ली, कानपुर मंडल सहित पश्चिम उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश हुई।

हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर तक पहुंच गई है। इससे केवल 1 घंटे में तापमान 36.6 से 35.6 डिग्री सेल्सियस यानी 1 डिग्री गिरा। आंधी के चलते बड़े पैमाने पर संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

डॉ. पांडेय ने बताया, उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर चक्रवाती सर्कुलेशन बना है, जो वायुमंडलीय अस्थिरता पैदा कर रहा है। दिल्ली, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, कानपुर मंडल समेत मध्य उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान आंधी-बारिश होगी। इस दौरान बिजली गिरने और ओला पड़ने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *