Dailynews

Uttarakhand News: गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर लैंडस्लाइड, रास्ते बंद

उत्तरकाशी : उत्तराखंड के उत्तरकाशी में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है. भारी भूस्खलन और मलबा आने से गंगोत्री एवं यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बंद हो गए हैं. यमुनोत्री हाईवे सिलाई बैंड और स्यानाचट्टी के पास भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया है.

वहीं, गंगोत्री हाईवे भटवाड़ी के पास भूस्खलन की चपेट में आ गया है, जहां पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं. हालात को देखते हुए मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है. घटनास्थल की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है. इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन सतर्क है. संबंधित विभागों की मशीनें मौके पर पहुंच गई हैं और दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य जारी है. मानसूनी वर्षा के कारण भूस्खलन के चलते गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह बंद हो गया है. आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार यमुनोत्री हाईवे ओरछा बैंड, पाली जीरो प्वाइंट, सिलाई बैंड, स्यानाचट्टी तथा दुर्बिल व जंगलचट्टी के मध्य पहाड़ी से मलबा व बोल्डर गिरने के चलते बंद हुआ है. सिलाई बैंड में पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के चलते एनएच की टीम को हाईवे पर यातायात बहाली में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें. मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *